Unnao News: आजाद मार्ग पर चलना दुश्वार, गड्ढों की भरमार
Unnao News: अचलगंज में लगातार एक पखवाड़े से बारिश के कारण दस किमी लंबा आजाद मार्ग ध्वस्त हो गया है। सड़क पर बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के गड्ढों को भरने का काम चल रहा है, लेकिन पैच वर्क के एक माह बाद ही फिर गड्ढे बन गए।

Unnao News: अचलगंज, संवाददाता। एक पखवाड़े से लगातार हो रही बारिश से दस किमी लंबा आजाद मार्ग ध्वस्त होकर बड़े -बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है। यहां से गुजरने वाले वाहन और उसमें सवार यात्रियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। असल में लोहचा तिराहे से बंथर हाइवे तक 10 किलोमीटर लंबा आजाद मार्ग चौराहा पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। इसी मार्ग पर अमर सेनानी चंद्रशेखर आजाद की जन्म भूमि बदरका होने से यह आजाद मार्ग के नाम से जाना जाता है। इस मार्ग पर कुरमापुर, बेहटी गोपालपुर, जगजीवनपुर व आटा बंथर के आसपास सड़क पर सैकड़ों गड्ढे बन गए हैं। लोहचा तिराहे पर तो तालाब जैसा नजारा दिखाई देता है। इस मार्ग से रायबरेली कानपुर के अलावा पुरवा मोहनलाल गंज तक लोग आवागमन करते हैं। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र बंथर, कानपुर जाने वाले दैनिक कर्मचारी व्यापारी सब्जी विक्रेता या दूधिया इसी मार्ग से आते जाते हैं। लेकिन सड़क दुर्दशा ग्रस्त होने से उन्हें दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है。
एक माह भी न झेल पाया पैचवर्क
बीते मार्च महीने में सड़क में पैच वर्क कराया गया था। ताज्जुब वाली बात यह थी कि एक माह बाद ही फिर गड्ढे बन गए। कुछ स्थानों में विभाग द्वारा गिट्टी राबिस डाल कर गड्ढे बंद किए गए, लेकिन उससे कुछ भला नही हुआ है। जेई नवीन मिश्र ने बताया कि सड़क के गड्ढों को भरने का काम चल रहा है। बारिश के बाद डामरीकरण कराया जाएगा।


