Unnao News: बारिश ने दी गर्मी से राहत, जलभराव से आफत
Unnao News: उन्नाव में शुक्रवार को तेज बारिश से शहर में जलभराव हो गया। मुख्य मार्गों पर वाहन चालकों को परेशानी हुई और कई मोहल्लों में पानी भर गया। प्रशासन ने बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया और ग्रामीणों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने का आश्वासन दिया। मौसम वैज्ञानिकों ने बाद में और बारिश के संकेत दिए हैं।
Unnao News: उन्नाव, संवाददाता। शहर में शुक्रवार को दोपहर बाद पौन घंटे तेज बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, मुख्य मार्गों पर हुआ जलभराव दो घंटे मुसीबत बना रहा। गली-मोहल्लों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाईं। हसनगंज तहसील क्षेत्र में भी करीब आधा घंटा तेज बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक ने 15 जुलाई के बाद तेज हवा और मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मानसूनी बारिश के बीच शुक्रवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। मध्यम गति से हवाएं चल रही थीं। सुबह करीब 9:45 बजे बारिश शुरू हो गई। पहले हल्की बारिश हुई लेकिन 15 मिनट बाद करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई।
हालांकि फिर बरसा ठहर गए और दोपहर बाद शाम साढ़े तीन बजे बादलों की आवाजाही अपने रंग में नजर आई और तेज बरसात एक घंटे तक झूमकर हुई। इससे शहर के प्रमुख बड़े चौराहे पर कुछ देर के लिए जलभराव हो गया। वाहन सवारों को निकलने में परेशानी हुई। अब तक जारी नाला सफाई पर लोगों ने सवाल उठाए लेकिन जिम्मेदारों का कहना है कि पानी निकलने में कुछ वक्त तो लगता ही है। इधर, बांगरमऊ में तेज बारिश से कस्बे की प्रमुख बाजार समेत चूड़ी वाली गली, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा मार्केटिंग सोसायटी में घुटनों तक पानी भर गया। चूड़ी वाली गली की कई दुकानों में पानी घुस गया। पड़ोसी मोहल्ला गोंडाटोला के घरों में भी गंदा पानी पहुंच गया। सीएचसी परिसर में जलभराव से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी हुई। नौनिहालगंज मंडी में भी सफाई में लापरवाही परेशानी का कारण बनी। वहीं बीघापुर में तहसील परिसर में जलभराव होने से वादकारियों, अधिवक्ताओं व तहसील मुख्यालय में स्थित न्यायालय कक्षों तक पहुंचने वाले लोगों को समस्या हुई। जलभराव के चलते अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।बाढ़ से पहले एसडीएम ने परखी हकीकत: बीघापुर तहसील क्षेत्र की गंगा व पांडु नदी के बीच बसी लालाखेड़ा व दूलीखेड़ा ग्राम सभा में बाढ़ के पहले प्रशासन ने नजर इनायत की है। एसडीएम ने पशु चिकित्सा विभाग, चिकित्सा विभाग, आंगनवाड़ी ,एएनएम, शिक्षक, कोटेदार, प्रधान राजस्व विभाग के अफ़सरो संग बैठक कर बाढ़ से प्रभावित होने वाले गांवों का लेखा जोखा देखा। एसडीएम ने बताया कि लेखपाल व सचिव को आदेश दिए गए हैं कि जानवरों के रहने के लिए शिवराजपुर मार्ग पर सड़क के किनारे जगह चिन्हित कर ली जाए। खण्ड शिक्षा अधिकारी से कहा गया है कि लाला खेड़ा प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को भी नजदीकी विद्यालय में शिफ्ट करने में कोई हीलाहवाली न कि जाए।


