उन्नाव में गीजर में लगा सिलेंडर धमाके के साथ फटा, घर की दीवारें क्षतिग्रस्त
Unnao News - उन्नाव के हसनगंज कस्बे में एक घर के गीजर में लगे गैस सिलेंडर में आग लगने से जोरदार धमाका हुआ। इस घटना ने आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की खिड़कियां हिल गईं। घर के मालिक और परिवार सदस्य सुरक्षित हैं, लेकिन घर को भारी नुकसान हुआ है।
उन्नाव, संवाददाता। हसनगंज कस्बे में गुरुवार सुबह घर के गीजर में लगे गैस सिलेंडर में आग पकड़ने से अचानक ब्लास्ट हो गया। सुबह के समय हुई इस घटना से आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घर की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। कस्बा स्थित आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के सामने ज्ञानेंद्र सिंह के घर में अचानक जोरदार धमाका होने से पूरा इलाका दहल उठा। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास घरों की खिड़कियों के शीशे हिलने लगे और लोगों को लगा जैसे बड़े विस्फोटक से धमाका किया गया हो। कुछ ही क्षणों में आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
घर के अंदर हुए विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कमरे की दीवार गिर गई और मकान के हिस्से उड़कर सड़क तक पहुंच गए। मलबा दूर-दूर तक बिखर गया। हादसे की जानकारी मिलते ही हसनगंज पुलिस और अग्निशमन विभाग को तत्काल सूचना दी गई। मौके पर हसनगंज फायर बिग्रेड की टीम तथा पुलिस बल ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दमकल कर्मियों ने सुरक्षा मानकों के तहत घर के आसपास के क्षेत्र को खाली कराया और किसी भी प्रकार की दोबारा आग भड़कने की संभावना को देखते हुए परिसर की सावधानी पूर्वक जांच की। घर के मालिक ज्ञानेंद्र सिंह दूसरे हिस्से में मौजूद थे और अन्य परिजन शादी समारोह में गए हुए थे। जिससे किसी की जान को नुकसान नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार सभी परिजन सुरक्षित हैं, लेकिन घर को भारी नुकसान हुआ है। घटना के बाद कस्बे में दहशत का माहौल है और लोग गैस उपकरणों की सुरक्षा को लेकर चिंतित दिखाई दे रहे हैं। फायर विभाग की प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि गीजर में गैस का रिसाव या तकनीकी खराबी के कारण गैस जमा हो गई होगी, जिसने किसी चिंगारी के संपर्क में आकर धमाके का रूप ले लिया। पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



