उन्नाव में शेयर बाजार में मुनाफे के नाम पर ठग लिए 99 लाख
Unnao News - उन्नाव में एक युवक को शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 99 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया। पीड़ित अभिषेक ने निवेश के नाम पर एक लिंक के माध्यम से ठगों से संपर्क किया और विभिन्न खातों में पैसे भेजे। जब ठगी का एहसास हुआ, तो उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
उन्नाव, वरिष्ठ संवाददाता। शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर एक युवक से 99 लाख रुपये की ठगी हो गई। निवेश के नाम पर पहले भरोसा जीता फिर मुनाफे का सपना दिखा उसे अपने जाल में फंसाकर रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुरवा क्षेत्र के पासाखेड़ा गांव ठाकुर खेड़ा निवासी अभिषेक कुमार वर्तमान में सदर कोतवाली क्षेत्र के एबीनगर मोहल्ले में रहते हैं। तहरीर में अभिषेक ने बताया कि 16 नवंबर को उनके मोबाइल पर केशव आर प्राकेश नाम के व्यक्ति ने एक लिंक भेजा। इस लिंक के जरिए उन्हें स्टॉक लर्निंग ग्रुप से जुड़ने और निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया।
लिंक पर क्लिक करने के बाद वह पोर्टफोलियो पावर हाउस सी-17 नामक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए। ग्रुप में मौजूद केशव आर प्राकेश खुद को स्टॉक मार्केट का विशेषज्ञ बताकर शेयर बाजार से जुड़ी जानकारियां और निवेश की सलाह देता रहा। धीरे-धीरे भरोसा जीतने के बाद 21 दिसंबर को उसने एक स्टॉक ब्रोकर टेक्नी के बारे में जानकारी दी। उसने दावा किया कि यह ब्रोकर सेबी और यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन में पंजीकृत है, जिससे अभिषेक को उस पर पूरा भरोसा हो गया। इसके बाद ग्रुप में जैमी लिंच नाम की एक महिला को जोड़ा गया। 26 दिसंबर से जैमी लिंच द्वारा बताए गए विभिन्न खातों में पैसे भेजने शुरू किए। हर ट्रांजेक्शन की रसीद टेक्नी प्लेटफॉर्म पर अपलोड करवाई जाती और फिर केशव द्वारा बताए गए शेयरों की खरीद-बिक्री कराई जाती थी। अभिषेक ने बताया कि 16 जनवरी तक वह अलग-अलग खातों में कुल 99 लाख एक हजार रुपये जमा कर चुके हैं। 17 जनवरी को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर आए मैसेज के बाद ठगी का एहसास हुआ। तुरंत उसने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। 27 जनवरी से एलाइट ट्रेनिंग टीम ए-2 ग्रुप में सभी गतिविधियां बंद हो गईं और टेक्नी अकाउंट भी फ्रीज कर दिया गया। साइबर थाने के प्रभारी राजेश पाठक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। विशेषज्ञों की एक टीम जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


