
वीडियो वायरल : बाढ़ पीड़ितों को बांटने वाले लंच पैकेट पानी में
Unnao News - गंजमुरादाबाद में बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजी गई राहत सामग्री को झाड़ियों में फेंका गया। एक वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि प्रशासन द्वारा भेजे गए लंच पैकेट पानी में पड़े हुए हैं। स्थानीय लेखपाल पर...
गंजमुरादाबाद, संवाददाता। बाढ़ पीड़ितों को पहुंचाई जाने वाली राहत सामग्री झाड़ियों में फेंकी जा रही है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर बुधवार सुबह वायरल बो गया, जो चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि, आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में बाढ़ पीड़ितों को बांटने के लिए तहसील स्तर से भेजे गए भोजन के लंच पैकेट पानी से निकालकर दिखाए जा रहे हैं। इसके बाद क्षेत्रीय प्रशासन पर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर 3.26 सेकंड का वीडियो वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि तहसील प्रशासन से बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री के रूप में मंगलवार शाम भिखारीपुर पतसिया गांव के ग्रामीणों को लंच पैकेट के रूप में राहत सामग्री पहुंचाई गई।
मगर क्षेत्रीय जिम्मेदार कर्मी की लापरवाही से ग्रामीणों को लंच पैकेट वितरण न करवा कर बुधवार को लंच पैकेट की भरी बोरियों को उठाकर गांव से बाहर पीएम सड़क मार्ग किनारे भरे बाढ़ के पानी में लंच पैकेट फेंक दिए गए। उसके बाद दैनिक कार्यों के लिए सड़क मार्ग किनारे पहुंचे कुछ ग्रामीणों को लंच के पैकेट बिखरे हुए मिले तो ग्रामीणों ने मौके का वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो में एक युवक पानी भरी झाड़ियों से कई लंच के पैकेट निकालकर खोलता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसमें भोजन सामग्री भरी हुई साफ तौर पर दिख रही है। वायरल वीडियो कुंशी व रतई पुरवा गांव के बीच पीएम सड़क मार्ग किनारे होने का दावा किया जा रहा है। पैकेट बंटवाने को लेखपाल ने लोगों को किया था सुपुर्द मामले को लेकर लोगों में चर्चा है कि क्षेत्रीय लेखपाल कुछ खास लोगों को करीबी बनाकर रखता है। मंगलवार शाम लंच के पैकेट इन्हीं लोगों की सुपुर्दगी में बांटने के लिए कुंशी गांव पहुंचाया होगा। मगर लंच पैकेट ग्रामीणों को न देकर बुधवार सुबह उन्हें एकांत में ले जाकर फेंक दिया गया। बाढ़ का दंश झेल रहे लोगों तक न पहुंच कर फेंकी गई राहत सामग्री को लेकर तहसील प्रशासन की लापरवाही उजागर हो रही तो वहीं सरकार की मंशा पर भी पानी फिर रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




