राजस्थान से मांगलिक कार्यक्रम में आए युवक की मौत

हिन्दुस्तान, उन्नाव
Follow us on Google News
share

बीघापुर में मंगलवार सुबह आइसक्रीम ठिलिया और बाइक की टक्कर में 22 वर्षीय प्रदीप की मौत हो गई। वह राजस्थान में काम करता था और मांगलिक कार्यक्रम के लिए गांव आया था। ठिलिया मालिक रवि शंकर गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुँचाया।

राजस्थान से मांगलिक कार्यक्रम में आए युवक की मौत

बीघापुर, संवाददाता। थाना क्षेत्र के कैची मोड़-पुरवा मार्ग पर मंगलवार सुबह आइसक्रीम ठिलिया और बाइक में भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ठिलिया मालिक गंभीर रूप से घायल है। हादसा आचार्य नंद दुलारे बाजपेई पार्क के पास हुआ।मगरायर गांव निवासी 22 वर्षीय प्रदीप उर्फ अमर गौतम मंगलवार सुबह किसी काम से बाइक लेकर निकला था। इसी दौरान सामने से आ रहे गांव के ही 40 वर्षीय रवि शंकर आइसक्रीम की ठिलिया लेकर चमियानी गांव से लौट रहे थे। कैची मोड़-पुरवा मार्ग पर दोनों की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में प्रदीप और रवि शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बीघापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीघापुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि रवि शंकर की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि प्रदीप राजस्थान के बाड़मेर स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। पारिवारिक चाचा बुद्धिलाल के यहां मांगलिक कार्यक्रम होने के कारण वह आठ मई को गांव आया था। हफ्तेभर बाद वापस लौटने वाला था। लेकिन उससे पहले ही सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। प्रदीप परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके पिता जय प्रकाश की करीब दस वर्ष पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। बहन गुड़िया की शादी हो चुकी है और मां मीना बेटे के सहारे ही जीवन गुजार रही थीं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां अस्पताल पहुंची और शव देखकर बदहवास हो गई। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।