Unnao News: बच्चों की पढ़ाई और भोजन में जरा भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं
Unnao News: उन्नाव। डीएम घनश्याम मीना ने शनिवार को एसपी जय प्रकाश सिंह की उपस्थिति में

Unnao News: उन्नाव। डीएम घनश्याम मीना ने शनिवार को एसपी जय प्रकाश सिंह की उपस्थिति में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, विकासखंड बिछिया का निरीक्षण किया। डीएम ने विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था, पठन-पाठन, छात्रावास, भोजनालय, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की मौके पर पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से सीधे संवाद किया और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी।
छात्राओं के साथ संवाद
डीएम ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं, किसी प्रकार की समस्या, भोजन की गुणवत्ता तथा भविष्य के लक्ष्य को लेकर सवाल किए। उन्होंने पूछा कि पढ़-लिखकर आगे क्या बनना चाहती हैं। इस पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक आईएएस और डॉक्टर बनने की इच्छा जताई। छात्राओं के आत्मविश्वास से प्रभावित डीएम ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लक्ष्य बड़ा हो तो उसके लिए ईमानदारी, अनुशासन और कड़ी मेहनत भी उतनी ही जरूरी है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यालय के मेस का भी जायजा लिया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता के साथ-साथ प्रयोग की जा रही खाद्य सामग्री को भी परखा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्राओं को पौष्टिक, स्वास्थ्यवर्धक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भोजन, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में निर्देश
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं: जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि जिस विषय के अध्यापक हैं, वह अपने विषय को पूरी रुचि और गंभीरता के साथ पढ़ाएं। शिक्षक समय से विद्यालय में पहुंचें और पठन-पाठन व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी बनी रहे। उन्होंने साफ कहा कि बच्चों की पढ़ाई से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। बीएसए शैलेश पांडेय को विद्यालय परिसर में प्राथमिकता के आधार पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए।


