बशीरतगंज में मार्ग बंद को लेकर ग्रामीणों का हंगामा
Unnao News - गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण के कारण ग्रामीणों और निर्माण एजेंसी के बीच विवाद हो गया है। लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे पर कार्य के चलते मुख्य संपर्क मार्ग बंद करने की कोशिश पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। अधिकारियों ने समझाकर मार्ग को अस्थायी रूप से खोला, लेकिन ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की मांग की है।

सोनिक। गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के चलते ग्रामीणों और निर्माण एजेंसी के बीच विवाद खड़ा हो गया है। बशीरतगंज मजरा के पास लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे पर निर्माण कार्य के कारण मुख्य संपर्क मार्ग को बंद करने की कोशिश पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर कार्यदायी संस्था के अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद ग्रेडर लगाकर मार्ग को अस्थायी रूप से खोल दिया गया। हालांकि ग्रामीणों ने मार्ग के स्थायी रूप से बंद न होने पर नाराजगी जताई और प्रदर्शन की चेतावनी दी। बशीरतगंज के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर एक जंक्शन का निर्माण किया जा रहा है।
इसके चलते निर्माण एजेंसी ने कानपुर-उन्नाव मार्ग का यह हिस्सा बंद करने का प्रयास किया। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को दो-तीन किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर यात्रा करनी पड़ रही है। इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार हंगामा करने पर ही अधिकारी मार्ग खोलते हैं, लेकिन फिर बंद करने की तैयारी शुरू कर दी जाती है। अगर यह मार्ग स्थायी रूप से बंद हुआ, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने पहले डीएम को शिकायत की थी। इसके बाद सांसद साक्षी महाराज को शिकायती पत्र दिया गया। सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर ग्रामीणों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग बंद होने से यात्रा खर्च और समय दोनों बढ़ रहे हैं, साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


