17.33 करोड़ से बनकर तैयार सई नदी पुल
Unnao News - मोहान में सई नदी पर बने नए पुल का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। अप्रोच सड़क का कार्य अब तैयार हो गया है, जिससे वाहनों का आवागमन सुचारु हो जाएगा। पुराने पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए नए पुल का निर्माण किया गया था। अब पुल से वाहनों का फर्राटा भरना शुरू होगा।

मोहान। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर मोहान स्थित सई नदी पर बन रहे नए पुल का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। अप्रोच का कार्य अधूरा होने के कारण अब तक आवागमन पूरी तरह सुचारु नहीं हो पा रहा था, लेकिन ठेकेदार द्वारा पुल के दोनों ओर गिट्टी व डामर डालकर सड़क तैयार कर दी गई है। इसके बाद मार्ग पर वाहनों के फर्राटा भरने का रास्ता साफ हो गया है। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग स्थित मोहान में सई नदी पर वर्ष 1748 में 15 कोठियों (पिलरों) पर लाखौरी ईंटों से बना मुगलकालीन पुल जर्जर हो चुका था। पुराने पुल की स्थिति को देखते हुए प्रदेश सरकार ने उसके समानांतर नए पुल के निर्माण को स्वीकृति दी थी।
इस परियोजना के लिए 17.33 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। दिसंबर 2023 में निर्माण कार्य का शिलान्यास हुआ था।तय समय-सीमा मार्च 2025 निर्धारित की गई थी। लेकिन निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं हो सका था। पुल का स्लैब कार्य पहले ही पूर्ण हो चुका था, जबकि दोनों ओर की दीवारों व अप्रोच रोड का कार्य शेष था। हाल ही में मिट्टी भरान का कार्य कराकर ठेकेदार द्वारा पुल के दोनों तरफ गिट्टी-डामर डालकर सड़क तैयार कर दी गई है। दोनों तरफ की सड़क बनने की वजह से भारी वाहन फर्राटा भरने के लिए तैयार है जो किसी दिन भी पुल को चालू कर दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश सेतु निगम के सहायक अभियंता एम.एस. ओझा ने बताया कि पुल के दोनों ओर शेष कार्य पूरा कर लिया गया है कल से पुल से वाहन फर्राटा भरना शुरू हो जाएंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


