
कार हटाने के विवाद में चली गोलियां, एक की मौत
संक्षेप: Unnao News - आसीवन थाना क्षेत्र में कार हटाने को लेकर हुई मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच फायरिंग के दौरान एक युवक, आजाद सिंह, गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
चकलवंशी, संवाददाता। आसीवन थाना क्षेत्र के नौगवां और कैलई गांव के बीच स्थित रसूलाबाद माइनर के पास गुरुवार शाम रास्ते से कार हटाने को लेकर हुआ मामूली विवाद देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों में कई दौर की फायरिंग हुई। फायरिंग के दौरान सीने और पेट में गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में उसकी मौत हो गई। बेटे की तहरीर पर सात आरोपितों पर हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने पांच को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की निशानादेही पर हत्या में प्रयुक्त राइफल भी बरामद कर ली गई।

कैलई गांव निवासी शुभम सिंह गुरुवार शाम किसी काम से कार से अरेरखुर्द गांव गए थे। रास्ते में कार खड़ी कर दी थी। इसी बीच नौगवां गांव निवासी पूर्व प्रधान राधेश्याम यादव बाइक से गुजर रहे थे। रास्ते से कार हटाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाकर किसी प्रकार शांत कराया। मगर, देर रात दोनों के बीच मोबाइल पर बहस हुई और एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी। इस पर दोनों पक्ष नौगवां पुलिया के पास पहुंचे। दोनों ओर से फायरिंग होने लगी। बेटे से बवाल की सूचना पर 45 वर्षीय पिता आजाद सिंह मौके पर पहुंच गए। विपक्ष की ओर से की गई फायरिंग के दौरान गोली उनके सीने और दूसरी पेट में लग गई। लहूलुहान हालत में वह भूमि पर गिर गए। यह देख लोगों ने जख्मी हालत में मियागंज अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। बेटे शुभम सिंह ने पुलिस में आरोपित राधेश्याम यादव पुत्र सुंदर, राम रहीस पुत्र पृथ्वीपाल, शिवम पुत्र राधेश्याम, अंकित उर्फ छुन्नू, राजेश पुत्र राम औतार, मंझन उर्फ कुलवंत पुत्र भइयन व अभिषेक पुत्र श्याम सुंदर के खिलाफ हत्या किए जाने की तहरीर दी। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में राधेश्याम, राम रहीस, शिवम, अंकित उर्फ छुन्नू व अभिषेक हैं। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश में लगी है। शुक्रवार सुबह एसपी जय प्रकाश सिंह और सीओ बांगरमऊ संतोष सिंह ने आसीवन थाने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। साथ ही, गांव में दो प्लाटून पीएसी तैनात कर दी गई। युवक की मौत से परिजन बेहाल आजाद सिंह दो भाई थे। दूसरा भाई सुभाष सिंह है। तीन बहनें मालती, शांता व गुड़्ढी हैं। मृतक आजाद सिंह अपने पीछे तीन बेटे शुभम, नमन व अमन, एक बेटी निधि सिंह को छोड़ गया। किसानी कर परिवार का भरण पोषण करता था। बेटी निधि के नाम गांव में सरकारी राशन दुकान है। पति की मौत से पत्नी नीलम सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। देर रात मामले ने पकड़ा तूल आजाद सिंह मदारपुर कैलई ग्राम पंचायत का निवासी था, जबकि आरोपित कूरेमऊ ग्राम पंचायत के नौगवां गांव निवासी होने के साथ पूर्व प्रधान है। अरेरखुर्द इसी पंचायत का मजरा है, जहां दोनों के बीच रास्ते से कार हटाने को लेकर गुरुवार शाम विवाद हुआ था। मामले के तूल पकड़ने पर रात खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




