Unnao News: जिंदा को मृत दिखाकर हड़पी जमीन, फूटा लोगों का गुस्सा
Unnao News: मोहान में संपूर्ण समाधान दिवस पर शिकायतों की बाढ़ आ गई, जिसमें एक महिला ने लेखपाल पर आरोप लगाया कि उसे सरकारी रिकॉर्ड में मृत दिखाकर उसकी भूमि का नामांतरण कर दिया गया। डीएम ने मामले की गंभीरता को देखकर एसडीएम को जांच के निर्देश दिए और केवल 21 शिकायतों का समाधान होने पर अधिकारियों को फटकार लगाई।
Unnao News: मोहान। संवाददाता हसनगंज तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस शिकायतों के अंबार और प्रशासनिक लापरवाही के आरोपों से गरमा गया। सबसे सनसनीखेज मामला उस महिला का सामने आया, जिसने आरोप लगाया कि लेखपाल ने उसे सरकारी रिकॉर्ड में मृत दिखाकर उसकी तीन बिस्वा जमीन दूसरे लोगों के नाम दर्ज कर दी। डीएम घनश्याम मीना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए। वहीं, 325 शिकायतों में केवल 21 का मौके पर निस्तारण होने पर डीएम ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।शनिवार को हसनगंज तहसील सभागार में डीएम घनश्याम मीना की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ।
इस दौरान कुल 325 फरियादियों ने अपनी समस्याओं से जुड़े प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई, जबकि सिर्फ 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण हो सका। शिकायतों की भारी संख्या और लंबित मामलों पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। ओगरापुर गांव निवासी माधुरी ने डीमए को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उन्होंने नारायणपुर गांव में तीन बिस्वा भूमि का विधिवत बैनामा कराया था। दाखिल-खारिज भी हो चुका था। इसके बावजूद लेखपाल ने सरकारी अभिलेखों में उन्हें मृत दिखाकर जमीन गांव के ही योगेंद्र और धीरेंद्र के नाम दर्ज कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने एसडीएम को टीम गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए। औरास ब्लॉक के अंदौरा गांव निवासी सन्नो ने 26 वर्षों से सात बिस्वा पट्टे की भूमि को संक्रमणीय न बनाए जाने की पीड़ा सुनाई। उन्होंने बताया कि कई बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस पर डीएम ने एसडीएम को एक सप्ताह के भीतर मामले का निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मलकादिम सराय निवासी रामप्रसाद मौर्य ने शिकायत की कि पड़ोसी केशन पाल पाइप के जरिए गंदा पानी उनके खेत में छोड़ रहे हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। कुसुंभी गांव निवासी रामेश्वरी ने आरोप लगाया कि मकूर गांव स्थित उनकी जमीन की मेड़ पड़ोसी अवधेश यादव बार-बार काट देते हैं, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, हसनगंज कस्बा निवासी सूरज रस्तोगी ने शिकायत में बताया कि हसनगंज में तैनात एक पैरोकार ने बच्चे की बीमारी का हवाला देकर उनसे ऑनलाइन 40 हजार रुपये दूसरे खाते में डलवा लिए। अब रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज और मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी जा रही है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने कोतवाल से जांच रिपोर्ट तलब कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


