
घरेलू कलह में युवक ने फंदा लगा दे दी जान
Unnao News - नवई के अजगैन कोतवाली क्षेत्र के गलियार गांव में एक 26 वर्षीय युवक ने नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार का कहना है कि घरेलू कलह और शराब की लत ने उसे तनाव में डाल दिया था। युवक अपनी दो बेटियों को छोड़कर गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नवई,। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के गलियार गांव में मंगलवार सुबह एक 26 वर्षीय युवक ने खेत में नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों का कहना है कि घरेलू कलह और बढ़ते तनाव ने उसे यह कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। गांव निवासी लाल सिंह उर्फ कल्लू पुत्र विनोद सिंह सुबह अपने खेत की ओर गया था। कुछ ही देर बाद राहगीरों ने उसे पेड़ से लटका देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना पाते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बेटे को इस स्थिति में देखकर दंग रह गए।

पुलिस को बुलाकर परिजनों ने घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक अपने पीछे दो छोटी बेटियां प्रार्थना और आरोही को छोड़ गया। घटना के बाद पत्नी लक्ष्मी और मां संजय का रो-रोकर बुरा हाल है। राजाबाग चौकी प्रभारी रवींद्र मालवीय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। पत्नी साथ नहीं लौटी, बढ़ गई थी शराब की लत ग्रामीणों के अनुसार, लाल सिंह शराब का सेवन अधिक करता था। एक सप्ताह पहले उसकी पत्नी मायके चली गई थी। कुछ दिन पूर्व वह पत्नी को लेने गया, लेकिन वह साथ नहीं लौटी। इसके बाद से वह तनाव में रहने लगा और शराब की लत और बढ़ गई। लोगों का कहना है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


