गूगल मैप के भरोसे निकले युवकों की कार नाले में लटकी, शादी में उन्नाव जाते समय हादसा

Mar 08, 2026 09:49 am ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, उन्नाव, संवाददाता
share

यूपी में उन्नाव के बीघापुर में गूगल मैप के सहारे शादी में जा रहे दो युवकों की कार रास्ता भटकने के कारण नाले में लटक गई। स्थानीय राहगीरों ने समय रहते युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। शनिवार को हाइड्रा से कार निकाली गई।

गूगल मैप के भरोसे निकले युवकों की कार नाले में लटकी, शादी में उन्नाव जाते समय हादसा

Unnao News: आधुनिक दौर में मोबाइल नेविगेशन और गूगल मैप ने यात्राओं को सुगम जरूर बनाया है, लेकिन इसके अंधाधुंध इस्तेमाल से होने वाले हादसों की फेहरिस्त भी लंबी होती जा रही है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले का है, जहाँ गूगल मैप के बताए रास्ते पर भरोसा कर शादी समारोह में जा रहे दो युवक रास्ता भटक गए। उनकी कार एक गहरे नाले के किनारे हवा में लटक गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद राहगीरों ने फुर्ती दिखाई और कार में फंसे युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

नहीं थी रास्ते की जानकारी

जानकारी के अनुसार, कानपुर के नौबस्ता निवासी संदीप और सुनील कुमार शुक्रवार रात कार से उन्नाव के बारासगवर थाना क्षेत्र स्थित भगवंतखेड़ा गांव जा रहे थे। वहां सूर्यपाल यादव के घर आयोजित एक शादी समारोह में उन्हें शामिल होना था। चूंकि युवकों को गांव के सटीक रास्ते की जानकारी नहीं थी, इसलिए उन्होंने अपनी कार में गूगल मैप चालू किया और भगवंतखेड़ा की लोकेशन डालकर सफर शुरू कर दिया।

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App

संदीप ने बताया कि गूगल मैप उन्हें मुख्य मार्ग से हटाकर ग्रामीण इलाकों की ओर ले गया। मैप के अनुसार गांव का रास्ता लालकुआं से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर दिखाया जा रहा था। इसी डिजिटल निर्देश के आधार पर वे आनंदी मंदिर से रुझई मार्ग की ओर मुड़ गए। शुरुआत में रास्ता पक्का था, लेकिन धीरे-धीरे सड़क कच्ची और बेहद संकरी होती गई। रात का समय होने के कारण उन्हें रास्ते की गहराई का अंदाजा नहीं हुआ।

नाला देख मोड़ने लगे कार, तभी हुआ हादसा

कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद युवकों को अहसास हुआ कि रास्ता केवल पैदल चलने लायक है और वहां से चार पहिया वाहन ले जाना असंभव है। जब उन्होंने कार को वापस मोड़ने का प्रयास किया, तो बीघापुर-रुझई मार्ग पर शारदा नहर के पास अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। कार फिसलकर सीधे नाले के किनारे की ढलान पर जा अटकी और हवा में लटक गई।

कार को खतरनाक स्थिति में फंसा देख दोनों युवक बुरी तरह घबरा गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे। शोर सुनकर पास से गुजर रहे राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को कार से बाहर निकाला। शनिवार सुबह हाइड्रा मशीन की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला जा सका।

सावधानी की अपील

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब गूगल मैप ने किसी को धोखा दिया हो। अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों में मैप शॉर्टकट के चक्कर में ऐसे रास्तों पर ले जाता है जो वाहनों के लिए उपयुक्त नहीं होते। विशेषज्ञों और पुलिस ने भी अपील की है कि अनजान या सुनसान रास्तों पर केवल तकनीक के भरोसे न रहें और स्थानीय लोगों से रास्ता पूछना बेहतर विकल्प है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।