मोमो-फिंगर खाने के बाद स्कूल के बच्चों की बिगड़ी तबीयत, दो छात्रों की मौत, एक की हालत गंभीर
बांदा में आवासीय विद्यालय में मोमोज-फिंगर खाने के बाद दो छात्रों की मौत से हड़कंप मच गया। रविवार शाम खाना खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। हालत गंभीर होने पर दो छात्रों को अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं एक अन्य छात्र की हालत गंभीर है।

UP News: यूपी के बांदा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक स्कूल में मोमोज-फिंगर खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां दो छात्रों की मौत हो गई। जबकि एक की हालत गंभीर है। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। आशंका है कि बच्चों की मौत फूड प्वाइजनिंग की वजह से हुई है।
जिले के झील का पुरवा में दिवंगत बसपा के पूर्व विधायक बाबूलाल कुशवाहा के नाम पर बीएल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय वर्ष 2002 से संचालित है। विद्यालय के हॉस्टल में 34 बच्चे रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। रविवार शाम सभी बच्चों ने चंदा लगाकर चपरासी से मोमोज और फिंगर (फ्रेंच फाई) मंगवाकर खाए थे। जानकारी के मुताबिक, गिरवां थाना क्षेत्र के सरस्वाह गांव निवासी नीतिन और तिंदवारी क्षेत्र निवासी अरुण कुमार कक्षा दो में पढ़ते थे। रविवार रात अचानक दोनों के पेट में तेज दर्द हुआ और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
हालत बिगड़ने पर प्रबंधक ने दोनों बच्चों को पहुंचाया अस्पताल
विद्यालय प्रबंधक ओमप्रकाश कुशवाहा को जानकारी दी गई। बच्चों के परिजनों को बिना सूचना दिए प्रबंधक रात दो बजे नीतिन को जिला अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया। नार्मल होने पर उसे प्रबंधक फिर विद्यालय ले गए। सुबह पांच बजे फिर नीतिन को पेट में तेज दर्ज हुआ और उल्टी की। उसी समय अरुण भी उल्टी करने लगा और हालत बिगड़ गई। इसके बाद प्रबंधक ने वार्डेन के साथ दोनों बच्चों को जिला अस्पताल भिजवाया। नीतिन को देखते ही डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जबकि अरुण की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां पहुंचते ही उसने भी दम तोड़ दिया।
दो छात्रों की मौत से हड़कंप
दो छात्रों की मौत की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। प्रबंधन ने बच्चों की मौत के बाद परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, सोमवार दोपहर में कक्षा चार के आठ वर्षीय छात्र योगेश की भी हालत बिगड़ गई। इसके बाद विद्यालय से कर्मचारी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां भर्ती कराने के बाद उसका इलाज किया गया।
इस मामले में एएसपी बांदा डॉक्टर शिवराज ने बताया कि एक विद्यालय के दो बच्चों की मौत हो हुई है, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


