Hindi NewsUP Newstwo prisoner escape from kannauj jail using a blanket as a rope five including jailer deputy jailer suspended
नए साल का जश्न मनाते रहे अफसर, कंबल की रस्सी बनाकर दो बंदी जेल से फरार; जेलर समेत 5 सस्पेंड

नए साल का जश्न मनाते रहे अफसर, कंबल की रस्सी बनाकर दो बंदी जेल से फरार; जेलर समेत 5 सस्पेंड

संक्षेप:

जेल परिसर में नए साल का जश्न मनाया जा रहा था। जेलकर्मी और अधिकारी कार्यक्रम में व्यस्त रहे। मौके का फायदा उठाकर दोनों कैदियों ने कंबलों को आपस में बांधा और जेल की ऊंची दीवार के पार डालकर फरार हो गए। दोनों बंदियों के फरार हो जाने से रात भर जेल प्रशासन अनजान रहा।

Jan 06, 2026 08:03 am ISTAjay Singh संवाददाता, कन्नौज
share Share
Follow Us on

उत्तर प्रदेश के कन्नौज के अनौगी स्थित जिला जेल में लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। रविवार की रात अफसर और सुरक्षाकर्मी नए साल का जश्न मनाते रहे और दो बंदी कंबलों की रस्सी बनाकर जेल की दीवार फांद फरार हो गए। सोमवार की सुबह नियमित गिनती में बंदियों के मौजूद न होने का खुलासा हुआ तो हड़कंप मच गया। अधिकारियों से लेकर सुरक्षाकर्मियों तक हर कोई बंदियों का पता लगाने में जुट गया। जब दोनों के जेल से भाग जाने की पुष्टि हो गई तो इस बारे में उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया। मामले में लापरवाही पर जेलर और डिप्टी जेलर सहित पांच को सस्पेंड कर दिया गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

जेल सूत्रों के अनुसार अंकित पुत्र प्रेमचंद्र निवासी हजरापुर थाना तालग्राम चोरी और डम्पी उर्फ शिवा पुत्र चमन लाल निवासी मलगवा थाना ठठिया पॉक्सो एक्ट के तहत जेल में बंद थे। रविवार की रात जेल परिसर में नए साल का जश्न मनाया जा रहा था। जेलकर्मी और अधिकारी कार्यक्रम में व्यस्त रहे। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर दोनों कैदियों ने कंबलों को आपस में बांधा और जेल की ऊंची दीवार के पार डालकर फरार हो गए। दोनों बंदियों के फरार हो जाने से रात भर जेल प्रशासन अनजान रहा।

ये भी पढ़ें:लाखों बिजली उपभोक्ताओं को पहली बार इतनी बड़ी राहत, इस तारीख तक है मौका

सोमवार की सुबह रुटीन गिनती में दो बंदियों के गायब होने का खुलासा होते ही हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जेल प्रशासन ने पहले अपने स्तर पर दोनों बंदियों का पता लगाने की काफी कोशिश की। लेकिन कुछ पता नहीं चला। उधर, जेल की दीवार पर लटके कंबल मिलने के बाद सच्चाई छिप नहीं सकी और मामला उजागर हो गया।

ये भी पढ़ें:मेडिकल स्टोर लाइसेंस के लिए बढ़ा दी गई कागजी कार्रवाई, हुआ ये आदेश; जानें वजह

घटना की सूचना पर डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और देर शाम डीआईजी जेल प्रदीप गुप्ता जांच करने जिला जेल पहुंचे। डीएम ने बताया कि मामले में लापरवाही पर जेलर विनय प्रताप सिंह, डिप्टी जेलर बद्री प्रसाद, जेलवार्डर शिवेंद्र सिंह यादव, अतुल मिश्रा और नवीन कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है। बंदियों की तलाश में टीमें लगाई गईं हैं।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh
अजय कुमार सिंह दो दशक से अधिक अनुभव वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और टीवी होते हुए अब डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ीं खबरों को गहराई से कवर किया है। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |