बारात से लौट रही बस पर हाईटेंशन लाइन गिरने से आग, दो की मौत, बाल-बाल बचीं 55 सवारियां

पीलीभीत, संवाददाता
Follow us on Google News
share

पीलीभीत में बारात से लौट रही बस पर हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से चालक पिता और उनके बेटे की मौत हो गई है। हादसे से कुछ देर पहले से बस में सवार 55 सवारियां नीचे उतरी थीं। लाइन गिरने से बस में आग लग गई और पूरी बस जल गई। जहानाबाद क्षेत्र के गोनरीवदी गांव के पास रात करीब पौने 11 बजे हादसा हुआ।

बारात से लौट रही बस पर हाईटेंशन लाइन गिरने से आग, दो की मौत, बाल-बाल बचीं 55 सवारियां

UP News: यूपी के पीलीभीत में जहानाबाद थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में निजी बस पर हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर गई। हादसे में बस चालक और उसके पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि बस में आग लगने से मौके पर अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे से कुछ मिनट पहले ही बस में सवार करीब 55 बारातियों को उतार दिया गया था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना थाना जहानाबाद क्षेत्र के गोनरीवदी गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार गोनरी गांव से एक बारात निजी बस से बरेली गई थी। विवाह समारोह संपन्न होने के बाद देर रात बारातियों को गांव छोड़कर बस वापस की जा रही थी। इसी दौरान चालक बस को बैक कर रहा था कि अचानक 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर बस के ऊपर गिर पड़ा। तार गिरते ही बस में करंट फैल गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गई।

हादसे में बस चालक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोहम्मद फारूक निवासी 56 वर्षीय सज्जन खान पुत्र छमन खान और उनका 16 वर्षीय पुत्र सुभान गंभीर रूप से झुलस गए। घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही जहानाबाद थाना प्रभारी जयशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक सज्जन खान की ससुराल में ही विवाह समारोह था, जिसमें वह बस लेकर गए थे। परिवार में घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से कुछ मिनट पहले ही चालक ने बस में सवार लगभग 55 लोगों को उतार दिया था। यदि उस समय बस में यात्री मौजूद होते तो बड़ा जनहानि हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलने पर सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल के अलावा कोतवाली और सुनगढ़ी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी लेकर उन्हें सांत्वना दी। वहीं दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

तेज हवा से उड़ते टेंट को पकड़ने में लगा करंट, चार झुलसे

उधर, शाहजहांपुर शहर के अंटा चौराहे के पास स्थित अटल सभागार में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। करणी सेना के कार्यक्रम के दौरान तेज हवा में उड़ रहे टेंट को संभालने की कोशिश कर रहे खाना बनाने वाले कारीगर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। टेंट का लोहे का पाइप 11 केवी लाइन से छूते ही उसमें करंट दौड़ गया और चार लोग झुलस गए। मौके पर अफरातफरी मच गई।

रविवार को अटल सभागार परिसर में करणी सेना का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में भोजन व्यवस्था के लिए परिसर में ही हॉल के बाहर बड़ा टेंट लगाया गया था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मौसम बदला और अचानक तेज हवा चलने लगी। तेज झोंकों से टेंट उखड़ने लगा तो वहां मौजूद कारीगर उसे पकड़कर संभालने लगे। इसी दौरान टेंट का लोहे का पाइप बगल से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन से टकरा गया।

करंट फैलते ही पाइप पकड़े कारीगर जमीन पर गिर पड़े। सदर थाना क्षेत्र के बाबूजई बिजलीपुरा निवासी जितेंद्र राठौर और रामसेवक, जबकि आरसी मिशन थाना क्षेत्र के चांदापुर रोड कारी मकुआपुर निवासी अनिल और सुभाष घायल हो गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार एक कारीगर की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर उनके परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए और इलाज शुरू कराया। बिजली निगमत के प्रभारी जेई अवनीश ने बताया कि हादसे के साथ ही लाइन ट्रिप हो गई। इसी दौरान कई लोगों के फोन भी आए। तब तक लाइन बंद हो चुकी थी।

हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ की स्थिति

हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद कराई और घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। इधरए बीच शहर में हाईटेंशन लाइन के पास बड़े टेंट लगाए जाने और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अटल सभागार में ऐसे टेंट लगाने की अनुमति थी या नहीं इसकी भी जांच की मांग हो रही है।

तेज हवा के कारण निकल गई टेंट की कैंची

घायल कारीगर रामसेवक ने बताया कि सभी साथी खाना बना रहे थे। लगभग सभी लोगों ने खाना खा लिया था। महज 50 लोग और बचे होंगे। इसी बीच तेज हवा चलनी शुरू हो गई। हवा के साथ टेंट की ऊपर की कैंची निकल गई। जब तक हमलोग संभाल पाते तब तक वह बगल से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर जा गिरी। इसके बाद सभी तड़पने लगे और बेहोश हो गए। जब होश आया तो चार कदम भी नहीं चल पा रहे थे।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।