
खेल-खेल में 2 मासूमों ने बंद कर लिया कार का दरवाजा, ऑक्सीजन की कमी से एक बच्चे की मौत
यूपी के अयोध्या में दर्दनाक हादसा हो गया। खेल-खेल में 2 मासूमों ने कार का दरवाजा बंद कर लिया। कार के अंदर लंबे समय तक बंद रहने से ऑक्सीजन की कमी हो गई, जिसके चलते एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन की हालत गंभीर
यूपी के अयोध्या में थाना बाबा बाजार अंतर्गत सैदपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम करौंदी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चे खेलते-खेलते कार में जा घुसे, जिसके बाद कार का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कार के अंदर लंबे समय तक बंद रहने से ऑक्सीजन की कमी हो गई, जिसके चलते एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन की हालत गंभीर बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम करौंदी निवासी नफीस के बच्चे तीन वर्षीय अख्तर रजा और पांच वर्षीय माही अपने परिजनों के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के दौरान दोनों बच्चे खेलते-खेलते पास में खड़ी एक कार के अंदर जा बैठे। बच्चों ने उत्सुकतावश कार का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया, लेकिन फिर वह बाहर नहीं निकल सके। कुछ देर बाद जब परिजनों ने बच्चों को नहीं देखा तो उनकी खोजबीन शुरू की गई। काफी तलाश के बाद दोनों बच्चे कार के अंदर अचेत अवस्था में मिले।
परिजनों ने तुरंत दोनों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अख्तर रजा को मृत घोषित कर दिया, जबकि माही की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसका इलाज जारी है।इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में मातम छा गया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद बताया और कहा कि ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए। अभिभावकों को सतर्क रहना चाहिए। बच्चों को वाहन या बंद स्थानों के पास खेलने से रोकना जरूरी है ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे दोबारा न हों।





