
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों के दो गुट भिड़े, हॉस्टल में बमबाजी, फैली दहशत
संक्षेप: यूपी में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों के दो गुटों में मारपीट की खबर आई है। कमरों में कब्जे को लेकर मंगलवार देर रात केपीयूसी छात्रावास में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों के दो गुटों में टकराव हो गया। दोनों तरफ से जमकर बमबाजी हुई।
यूपी के प्रयागराज में कमरों में कब्जे को लेकर मंगलवार देर रात केपीयूसी छात्रावास में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों के दो गुटों में टकराव हो गया। बात इस कदर बिगड़ी कि दोनों तरफ से जमकर बमबाजी हुई। इससे आसपास दहशत का माहौल रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।

विवाद की शुरुआत छात्रावास के कमरों में कब्जे को लेकर हुई। पहले से कब्जा जमाकर रह रहे पुराने छात्र कमरे खाली करने को तैयार नहीं हैं। दूसरी तरफ विश्वविद्यालय के नवप्रवेशी छात्र उन्हें हटाकर कमरों में काबिज होना चाहते हैं। इसी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला बिगड़ गया और दोनों तरफ से बम फेंके जाने लगे। छात्रों के बीच विवाद और बमबाजी की खबर पुलिस को मिली तो कर्नलगंज थाने की फोर्स के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर माहौल को शांत कराया। एसीपी कर्नलगंज राजीव यादव ने बताया कि छात्रों के बीच विवाद हुआ था, जिसे सुलझा लिया गया है। उन्होंने बमबाजी होने की बात से इनकार किया।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रो.राकेश सिंह ने बताया कि केपीयूसी छात्रावास में दो गुटों के बीच टकराव की सूचना पर बुधवार को पुलिस के साथ छात्रावास गए थे। एक गुट पहले से छात्रावास में रहता था और वर्तमान में इविवि का छात्र नहीं है। दूसरे गुट में ऐसे छात्र हैं जो विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हैं लेकिन छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। वैध छात्रों को हॉस्टल फीस जमाकर कक्ष आवंटन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। ताकि उनकी शिकायत पर विधिक कार्रवाई की जा सके।





