न दुकान, न गोदाम… फिर भी करोड़ों का टर्नओवर! कानपुर में टैक्स चोरी करने वाली पकड़ी गईं दो फर्जी फर्म

Dec 20, 2025 11:05 am ISTPawan Kumar Sharma प्रमुख संवाददाता, कानपुर
share

कानपुर में सालों से कागजों पर कारोबार कर रही दो फर्मों का खुलासा हुआ है। फर्जी कागजातों पर आईटीसी का लाभ लेकर 6.46 करोड़ टैक्स चोरी को भी अंजाम दिया। उपायुक्त ने तीन महिलाओं समेत पांच के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

न दुकान, न गोदाम… फिर भी करोड़ों का टर्नओवर! कानपुर में टैक्स चोरी करने वाली पकड़ी गईं दो फर्जी फर्म

यूपी के कानपुर में सालों से कागजों पर कारोबार कर रही दो फर्मों का खुलासा हुआ है। फर्जी कागजातों पर आईटीसी का लाभ लेकर 6.46 करोड़ टैक्स चोरी को भी अंजाम दिया। विभाग के उपायुक्त ने तीन महिलाओं समेत पांच के खिलाफ बेकनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। फर्जीवाड़ा के पीछे संगठित गैंग की आशंका जताई जा रही है।

एसजीएसटी के उपायुक्त धीरेंद्र कुमार की ओर से दर्ज एफआईआर के अनुसार, हीरामनपुरवा में आवासीय पत्ते पर 2018 से संचालित कारोबारी फर्मों के फर्जी होने का खुलासा हुआ है। फुटवियर, प्लास्टिक आइटम का कारोबार करने वाली कोमल ट्रेडर्स का जीएसटी नंबर शबाना नाम की महिला के नाम से है। 2018-19 में नौ करोड़ 71 लाख कारोबार दिखाया गया। वहीं 2019-20 में फर्म ने 19 करोड़ नौ लाख रुपये का व्यापार दिखा गया है।

इस हिसाब से फर्म पर दो साल का पांच करोड़ 14 लाख रुपये टैक्स हुआ। फर्म ने बोगस कागजात के आधार पर आईटीसी यानी इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ भी उठा लिया। फर्म ने पांच करोड़ 14 लाख का गलत तरीके से फर्जी आईटीसी का लाभ लेते हुए टैक्स में समायोजित कर लिया। इसी तरह हीरामन पुरवा में ही स्टार इंटरप्राइजेज ने भी विभाग को धोखे में रखा। आवासीय पत्ते पर तब्बुसम फातिमा नाम की महिला के नाम से संचालित इस फर्म ने 2019-2020 में सात करोड़ 35 लाख का कारेाबार दिखाया। फर्म ने भी बोगस दस्तावेजों के आधार पर एक करोड़ 32 लाख रुपये का आईटीसी का लाभ हासिल कर लिया था।

एसआईबी के छापे में नहीं मिले थे संचालन के साक्ष्य

उपायुक्त ने बताया कि एसआईबी ने कई साल पहले दोनों फर्मों के दिए पत्ते पर छापा मारा था। उस दौरान दोनों फर्मों का पता आवासीय निकला था, जबकि यहां किसी भी प्रकार की कोई व्यापारिक गतिविधियां नहीं मिली थीं। जांच में आसपास के लोगों ने फर्म के संचालन से अनभिज्ञता जताई थी।

पति-पत्नी गैंग बनाकर कर रहे फर्जीवाड़ा

उपायुक्त धीरेंद्र कुमार ने बताया कि जांच के दौरान इस आशंका के प्रबल साक्ष्य मिले हैं कि गैंग बनाकर फर्जीवाड़ा का धंधा किया जा रहा है। कोमल ट्रेडर्स की गडरिया मोहाल निवासी शबाना व स्टार इंटरप्राइजेज की काकादेव निवासी तब्बुसम, फातिमा के अलावा दिलशाद आलम, नौशाद, अनवरगंज के महफूज के अलावा मर्सरत को नामजद किया गया है। दिलशाद और मर्सरत दोनों पति-पत्नी हैं। आगे यह देखा जाएगा कि फर्म संचालन करने वाली महिलाओं के कहीं कागजात धोखे से तो इस्तेमाल नहीं किए जा रहे हैं।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |