
डेढ़ घंटे में दो एनकाउंटर, यूपी के भदोही में तड़तड़ाईं गोलियां, पुलिस शिकंजे में आए दो पशु तस्कर
भदोही में बूचड़खानों पर छापेमारी और गोवंश के साथ मांस बरामद करने के बाद पुलिस ने पशु तस्करों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ा। डेढ़ घंटे के अंतराल पर दो एनकाउंटरों को अंजाम दिया गया। दो पशु तस्करों को गोली मारकर दबोचा गया है।
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में डेढ़ घंटे के अंदर अलग-अलग जगहों पर दो एनकाउंटर हुए हैं। दोनों तरफ से गोलियं तड़तड़ाईं और दो वांछित पशु तस्करों को गोली मारने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों मुठभेड़ रविवार को रात 10 बजे से साढ़े 11 बजे के बीच लगभग डेढ़ घंटे के अंतराल पर हुई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से पहले दिन में जिला प्रशासन, पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सिटी थाना क्षेत्र के जमुंद इलाके में लगभग 10 मकानों में संचालित अवैध बूचड़खानों पर संयुक्त छापेमारी की थी। पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान, पुलिस ने 36 गोवंश और करीब पांच क्विंटल कटा हुआ मांस बरामद किया तथा नौ लोगों को गिरफ्तार किया।
पहली मुठभेड़ रात करीब 10 बजे गोपीगंज पुलिस थाना इलाके के गोमती स्कूल के पास उस समय हुई जब पुलिस ने एक पिकअप वैन को रोका। मांगलिक ने कहा कि संदिग्ध की पहचान अमवा माफ़ी गांव के मुनव्वर (35) के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि उसने पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोली चलाई जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान मुनव्वर के पैर में गोली लग गई।
उन्होंने बताया कि मुनव्वर को पहले भी 28 सितंबर को मवेशी तस्करी के मामले में गिरफ्तार करने की कोशिश की गई थी लेकिन वह पुलिस हिरासत से भाग गया था जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मांगलिक ने बताया कि रात करीब साढ़े 11 बजे उंज पुलिस थाना इलाके के पास एक और मुठभेड़ हुई जहां प्रयागराज जिले के पूरे मुफ्ती के एक वाछिंत गैंगस्टर जावेद अहमद (38) ने मोटरसाइकिल पर भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर कथित तौर पर गोली चलाई। अधिकारी ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया।
मांगलिक ने कहा कि जावेद कई वर्षों से मवेशियों की तस्करी में शामिल था और इस साल 31 मई को उस पर 'गैंगस्टर्स एक्ट' के तहत मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी अलग-अलग नेटवर्क चलाते थे और पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार और पश्चिम बंगाल में कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से मवेशियों की खरीद-फरोख्त करते थे। उन्होंने कहा कि दोनों लोगों का इलाज जारी है और उन्हें सोमवार को बाद में अदालत में पेश किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



