
दीपावली के लिए सामान खरीदकर लौट रहे भाइयों को पिकअप ने कुचला, दोनों ने मौत
दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। लखीमपुर खीरी में त्योहार की खरीदारी से लौट रहे दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। पिकअप की जोरदार टक्कर से घायल दोनों भाइयों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
यूपी के लखीमपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दीपावली की खरीदारी कर घर वापस जा रहे दो भाइयों की बाइक को पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए सीएचसी मितौली भेजा। वहां से जिला अस्पताल घायलों को भेजा गया। एक भाई ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया और दूसरे की लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

मितौली थाना क्षेत्र के गांव खमरिया के रहने वाला विपिन अपने 10 वर्षीय भाई ओंमकार व गांव के ही रहने वाले संकटा के साथ खरीदारी करने कस्ता आए थे। कस्ता में बाल कटवाए व खरीदारी की। सोमवार शाम को वापस घर जाते समय कस्ता- भीखमपुर मार्ग पर गनेशपुर गांव के निकट विपिन की बाइक सामने से आ रही पिकअप डाला ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें दोनों भाइयों की हालत नाज़ुक थी।
मौके पर पहुंचे कस्ता चौकी प्रभारी जयकृष्ण तिवारी व एसआई धर्मेन्द्र सिंह ने आनन-फानन में एम्बुलेंस से घायलों को मितौली सीएचसी भेजा। सीएचसी से दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान 10 वर्षीय ओंमकार की मौत हो गई। वहीं, 18 वर्षीय विपिन की लखनऊ मेडिकल कॉलेज ले जाते समय सीतापुर के पास मौत हो गई। दीपावली के दिन दो सगे भाइयों की मौत से पूरा गांव सदमे में है।
वहीं, सुबह पसगवां थाना क्षेत्र में रोडवेज बस की टक्कर से तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने सड़क पर शव रखकर चार घंटे तक जाम लगाया। जानकारी के मुताबि रोजा थाना क्षेत्र के सहेजना गांव निवासी गुड्डू (40), संतराम (50) और उनका साथी हरीराम सोमवार सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर लखीमपुर की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान महमदपुर ताजपुर के पास पीछे से आ रही रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल शाहजहांपुर ले जाया गया, जहां गुड्डू और संतराम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान हरीराम की भी मौत हो गई।



