यूपी में प्राइमरी शिक्षकों के दूसरे जिले में तबादले की प्रक्रिया शुरू, अब ये बाध्यता नहीं; जानें डिटेल
उत्तर प्रदेश में प्राइमरी शिक्षकों के दूसरे जिले में तबादले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए अब न्यूनतम सेवा अवधि की बाध्यता नहीं रही। जिले में तैनात सभी नियमित शिक्षक और शिक्षिकाएं तबादले के लिए अप्लाई कर सकेंगे। ग्रामीण संवर्ग के शिक्षक ग्रामीण और शहरी संवर्ग के शहर में स्थानांतरित किए जाएंगे।

UP Teachers Transfer : उत्तर प्रदेश के प्राइमरी स्कूलों में तैनात शिक्षकों के दूसरे जिले में तबादले की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बेसिक शिक्षा परिषद ने परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षक और शिक्षिकाओं को इसके लिए आवेदन करना होगा। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए अंतर्जनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया में एक खास बदलाव किया गया है। तबादले के लिए अब न्यूनतम सेवा अवधि की बाध्यता खत्म कर दी गई है। परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए हैं।
अंतर्जनपदीय स्थानांतरण के लिए न्यूनतम सेवा अवधि की कोई बाध्यता नहीं होगी। जिले में कार्यरत सभी नियमित शिक्षक-शिक्षिकाएं आवेदन के पात्र होंगे। हालांकि ग्रामीण सेवा संवर्ग के शिक्षक ग्रामीण संवर्ग में और नगर सेवा संवर्ग के शिक्षक नगर संवर्ग में स्थानांतरित किए जाएंगे। शिक्षक-शिक्षिकाओं के आवेदन संबंधित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के जरिए निर्धारित प्रारूप में प्राप्त किए जाएंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालयों को सभी आवेदन आवश्यक अभिलेखों सहित एकीकृत ज़िप फाइल बनाकर परिषद की ई-मेल आईडी पर 20 जून तक भेजने होंगे। इसके बाद के आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
जारी पत्र के अनुसार यदि किसी शिक्षक की ओर से फर्जी या कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत किए जाते हैं तो उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थानांतरण के बाद वरिष्ठता संबंधी शर्तों को स्वीकार करते हुए शपथपत्र देना भी अनिवार्य होगा।
दिव्यांग शिक्षकों को दी जाएगी वरीयता
नई नीति के तहत दिव्यांग शिक्षक, उनके जीवनसाथी अथवा अविवाहित पुत्र-पुत्री, कैंसर या डायलिसिस से पीड़ित शिक्षक, उनके अविवाहित पुत्र-पुत्री स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा यदि पति-पत्नी दोनों बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत हैं तो निर्धारित शर्तों के अनुसार उनमें से एक को स्थानांतरण का लाभ मिल सकेगा।
नए शिक्षा अधिकारियों का किया सम्मान
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षक महासभा के प्रादेशिक, मंडलीय और जनपदीय पदाधिकारियों ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में नवनियुक्त अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) कामता राम पाल एवं जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. संतोष कुमार राय का सम्मान किया। प्रांतीय अध्यक्ष अनिल कुमार, कोषाध्यक्ष राम निवास गौतम, संयोजक राज नारायण, उपाध्यक्ष प्रेम सागर उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

