यूपी में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो लड़कों की मौत
लखीमपुर खीरी में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार ने दो बाइक सवार लड़कों को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से दोनों लड़के उछलकर सड़क पर गिर गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

Road Accident In Lakhimpur kheri: यूपी के लखीमपुर खीरी जिले की पलिया-दुधवा रोड पर स्थित फरसईया चौराहे के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। टक्कर में दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी हताहत पटिहन क्षेत्र के राजाटॉपर निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा फरसईया चौराहे पर हुआ, जहां बाइक पर सवार होकर पांच किशोर पलिया की ओर जा रहे थे। तभी दुधवा की ओर से आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो किशोरों की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान आनन्द ( 13) पुत्र श्रवण और शिवा ( 16) पुत्र राजू के रूप में हुई है।
कार चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
हादसे की चपेट में आकर तीन अन्य किशोर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी पहचान रोहित (16) पुत्र पप्पू, अनिकेत ( 17) पुत्र राम किशन, अतीश ( 17) वर्ष पुत्र गोपाल, सभी घायल और मृतक राजा टॉपर पटिहन के रहने वाले हैं। घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार के चालक अनिल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मृतकों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से पीड़ितों के गांव पटिहन में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कांवड़ियों को टक्कर मारकर खींच ले गया कार सवार, दो जख्मी
वहीं दूसरी ओर कोतवाली मोहम्मदी की पुलिस चौकी रेहरिया के अन्तर्गत कठिना नदी मोड़ पर अज्ञात कार सवार ने देर रात दो बाइक सवार कावड़ियों को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बाइक वाहन मे फंस गईं और करीब एक किलोमीटर तक घिसटती चली गई। गंभीर रूप से घायल कावड़ियों को हैदराबाद पुलिस ने गोला सीएचसी भिजवाया। यह घटना शुक्रवार की देर रात की है। थाना मोहम्मदी के गांव खेतारा निवासी श्यामू (23) पुत्र मनी राम और विपिन (20) पुत्र महेंद्र एक बाइक पर सवार होकर गोला मंदिर जल चढ़ाने जा रहे थे कि जैसे ही इनकी बाइक चौकी रेहरिया के अन्तर्गत कठिना नदी मोड़ पर पहुंची ही थी कि अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के कारण बाइक वाहन मे फंस गईं और एक किलोमीटर से अधिक खींच ले गईं। वाहन चालक थाना हैदराबाद के गांव नयागांव मोड़ की तरफ भगा ले गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील मलिक मय बल के साथ पहुंच गये। घायलों को गोला अस्पताल भेजा गया जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।


