यूपी में भीषण हादसा: 100 की स्पीड से आ रहे ट्रक ने दो ऑटो में मारी टक्कर, छह लोगों की मौत

Jan 31, 2026 04:15 pm ISTDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, आगरा
share Share
Follow Us on

आगरा में शनिवार को भीषण हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो ऑटो में टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगने से ऑटो में बैठे छह लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग बुरी तरह से घायल हो गए।

यूपी में भीषण हादसा: 100 की स्पीड से आ रहे ट्रक ने दो ऑटो में मारी टक्कर, छह लोगों की मौत

यूपी के आगरा में भीषण हादसा हो गया। आगरा-जलेसर मार्ग पर शनिवार सुबह गांव नगला चंदन के निकट कंटेनर की टक्कर से दो ऑटो रिक्शा में सवार छह लोगों की मौत हो गई। पांच लोग घायल हैं। पांच मृतक सहपऊ (हाथरस) के गांव धाधऊ के निवासी थे। सभी दोस्त थे। तीर्थ यात्रा से लौट रहे थे। जबकि एक अन्य मृतक ऑटो चालक आगरा के शाहगंज क्षेत्र का रहने वाला है।

गांव धाधऊ निवासी रामअवतार, रिटायर दरोगा विजय सिंह, रणवीर भगत, विजय गौतम, धन प्रसाद, लख्मी चंद, बिल्ला मिस्त्री, उदयवीर सिंह 20 जनवरी को जगन्नाथपुरी गए थे। शनिवार की सुबह महाकौशल एक्सप्रेस से आगरा लौटे। रामअवतार आगरा कैंट स्टेशन पर नहीं उतरे। शेष सात दोस्त आगरा कैंट पर उतर गए। वहां से ऑटो किया। रामबाग आए। रामबाग से ऑटो करके गांव जा रहे थे। नगला चंदन के पास जलेसर की तरफ से आ रहे कंटेनर ने पहले उनके ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह पिचक गया। सवारियां हवा में उछलकर सड़क पर इधर-उधर गिर गईं। इस हादसे के बाद भागने के प्रयास में कंटेनर चालक ने एक अन्य ऑटो में भी टक्कर मारी दी। उसमें भी सात लोग सवार थे। सड़क पर खून से लथपथ लोग इधर-उधर बिखरे पड़े थे। यह देख राहगीरों के रौंगटे खड़े हो गए। चीख-पुकार मच गई। कंटनेर चालक को भीड़ ने दबोच लिया। वह नशे में धुत था। भीड़ ने उसे बुरी तरह धुन डाला। पुलिस ने पहुंचकर उसे बचाया।

हादसों में इनकी गई जान

पहले ऑटो में सवार गांव धाधऊ (हाथरस) निवासी चौधरी उदयवीर सिंह(62), विजय सिंह गौतम (40), चौधरी रनवीर सिंह (75), बिल्ला मिस्त्री (55), लख्मी चंद (60), ऑटो चालक सईद खान (दौरेठा, शाहगंज) की मौत हो गई। हादसे में विजय सिंह रिटायर दरोगा और धन प्रसाद जख्मी हुए हैं। उनका इलाज चल रहा है। दूसरे ऑटो के चालक रुनकता निवासी मन्नू, सलमान, रानी, हसीना, नाइरा, राशिद को भी इलाज के लिए भेजा गया था। मन्नू की हालत गंभीर है। इस ऑटो में एक बच्चा भी मौजूद था।

100 की स्पीड से आ रहा था ट्रक

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उनकी शिनाख्त की। पुलिस के अनुसार एक ऑटो शहीद खान चला रहा था। दूसरे चालक का नाम नहीं पता चल पाया है। पुलिस ने बताया कि ट्रक ड्राइवर नशे की हालत में था। वह 100 की रफ्तार से जलेसर रोड की तरफ ट्रक को लहराते हुए चल रहा था। ट्रक चालक ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी, फिर दूसरे को। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ऑटो उछलकर एक पेड़ से टकराकर गड्ढे में पलट गए। टेंपो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |