
यूपी के इस जिले में खत्म होगा जाम का झाम, NHAI प्रोजेक्ट तैयार; इन गांवों में अधिग्रहीत होगी जमीन
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस फेज के प्रारंभिक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट को मंजूरी दे दी है। यह रोड सोरांव तहसील के एनएच-19 के पास माधोपुर गांव से लेकर करछना तहसील के अमिलिया गांव तक कुल 41 गांवों से गुजरेगी। जिसकी कुल दूरी 41.662 किमी है।
यूपी के प्रयागराज में यातायात जाम की समस्या का समाधान करने के लिए एनएचएआई की इनर रिंग रोड के दूसरे फेज की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस फेज के प्रारंभिक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दे दी है। यह रोड सोरांव तहसील के एनएच-19 के पास माधोपुर गांव से लेकर करछना तहसील के अमिलिया गांव तक कुल 41 गांवों से गुजरेगी। जिसकी कुल दूरी 41.662 किमी है। दूसरे फेज के लिए एनएचएआई प्रयागराज के अधिकारियों व तकनीकी विशेषज्ञों की टीम छह महीने में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करेगी। इस फेज में गंगा पर 3.5 किमी लंबाई का सिक्स लेन ब्रिज बनाया जाएगा तो यमुना पर 1.2 किमी लंबा ब्रिज भी बनेगा। इन दोनों ब्रिज के लिए कुल 41 गांवों में से किन-किन गांवों से ब्रिज का निर्माण किया जाएगा।
साथ ही चार फ्लाईओवर, तीन रेलवे ओवर ब्रिज व 120 भूमिगल छोटी पुलिया भी बनाई जाएगी। इसको लेकर विशेषज्ञ अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे। जिस पर अंतिम रूप से मुहर लगने के लिए उसका डीपीआर मंत्रालय को भेजा जाएगा।
इन तहसील के गांवों में होगा भूमि अधिग्रहण
सोरांव तहसील : कांजिया, माधोपुर, कसारी, दुबरा जगदीशपुर, उठगी, बुदौना, सराय केशव, खिजिरपुर उपरहार, रसूलपुर चांदी, कुरेसर उपरहार, माधोपुर मलाक चतुरी, लखनपुर कान्दू, शहावपुर, बारी, सराई फत्ते, मंधेशा व फरीदपुर जेड।
सदर तहसील : अहमदपुर असरौली कछार, अहमदपुर पावन, असराव कलां, बेगमपुर, बमरौली कछार, बरावां, बिसौना, देवरी, गोहरी उपरहार, गोहरी कछार, हरवा कछार, हरवा उपरहार, जोधवल, कादिरपुर तालुका आदमपुर बिसौना, खटांगीख, तियरा, वाजिदपुर, हासिमपुर, छबीलेपुर, करेहदा उपरहार, मन्दरी व मैनापुर।
करछना तहसील : अमिलिया व पालपुर।
सोरांव के माधोपुर गांव से करछना के अमिलिया तक 41.662 किमी तक बनेगी फोर लेन सड़क
इस दूरी के बीच गंगा पर 3.5 किमी लंबा बनेगा ब्रिज तो यमुना पर 1.2 किमी लंबा होगा ब्रिज
क्या बोले अधिकारी
एनएचएआई प्रयागराज के पीडी सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि रिंग रोड के दूसरे फेज के निर्माण कार्यों से संबंधित प्रारंभिक डीपीआर मंजूरी के बाद केंद्र सरकार के गजट में प्रकाशित हो गया है। इस फेज में दोनों ब्रिज कहां बनेंगे, उसके लिए सर्वे कराया जाएगा। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया छह महीने में शुरू की जाएगी।





