UPI पर चार्ज की आहट से कारोबारियों में अफरा-तफरी, ऑनलाइन के बजाय कैश मांगने लगे
कानपुर में यूपीआई भुगतान पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) शुल्क लगने की आशंका से कारोबारियों में चिंता बढ़ी है। दुकानदारों का कहना है कि छोटे डिजिटल भुगतान पर भी शुल्क लगा तो लागत बढ़ेगी। ऐसे में कई कारोबारी नकद भुगतान को प्राथमिकता देने लगे हैं।

‘क्यूआर कोड दिखाइए और भुगतान पाइए’ की आदत डाल चुके कानपुर के लोगों के बीच अब फिर कैश की चर्चा होने लगी है। यूपीआई भुगतान पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) यानी शुल्क लगने की आशंका से कारोबारियों में बेचैनी बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि छोटे डिजिटल भुगतान पर भी शुल्क लगा तो रोज के कारोबार की लागत बढ़ जाएगी। यही वजह है कि कई कारोबारी ग्राहकों से नकद भुगतान को प्राथमिकता देने लगे हैं। इससे बाजार में डिजिटल भुगतान के साथ नकदी की मांग भी बढ़ने लगी है। कारोबारियों के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में यूपीआई ने लेनदेन को बेहद आसान बनाया है। ग्राहक 20-50 रुपये की खरीदारी से लेकर हजारों रुपये के भुगतान तक मोबाइल से कर देते हैं। दुकानदारों ने भी खुले पैसे रखने और छुट्टे की समस्या से राहत महसूस की है। अब शुल्क की चर्चा ने इस व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
आभूषण कारोबार पर एमडीआर का विरोध
ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन ने यूपीआई एमडीआर का विरोध किया है। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने कहा कि बिक्री मूल्य और मुनाफे को एक नहीं माना जा सकता। यूपीआई पर शुल्क से छोटे कारोबारी नकद लेनदेन की ओर लौट सकते हैं। 15 अक्टूबर से लागू होने वाली व्यवस्था वापस लेने या आभूषण कारोबार को इससे पूरी छूट देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सोने की कीमत बढ़ने से आभूषण का बिल बड़ा जरूर दिखता है, लेकिन अधिकांश छोटे और मध्यम ज्वैलर्स का ग्रॉस मार्जिन महज 2-3 प्रतिशत है प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने कहा कि एमडीआर लगने का काफी खराब असर पड़ेगा। इस निर्णय से व्यापारी की परेशानी तेजी से बढ़ जाएगी। अभी कैश से ज्यादा यूपीआई से भुगतान किया जाता है।
ग्राहकों से अब कैश मांगने लगे दुकानदार
नयागंज के किराना कारोबारी के यहां रोजाना बड़ी संख्या में छोटे यूपीआई भुगतान होते हैं। उनका कहना है कि 50-100 रुपये के भुगतान पर भी शुल्क लगा तो कम मार्जिन वाले सामान में लागत बढ़ेगी। इसलिए ग्राहकों से नकद देने का आग्रह करना पड़ रहा है। घंटाघर में चाय, सिगरेट बेचने वाले दुकानदार अब कैश की डिमांड फिर करने लगे हैं। दुकानदारों को डर है कि यूपीआई पर एमडीआर लगने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ जाएगा। ग्राहक यूपीआई को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन अब उनसे कैश मांगना शुरू कर दिया। मोतीझील के पास बाटी-चोखा बेचने वाले दुकानदार ने यूपीआई से भुगतान लेना लगभग बंद कर दिया। बुधवार को ग्राहक पहुंचे तो बाटी-चोखा देने के पहले कहा कैश में भुगतान करना होगा। हालांकि वह मानते हैं कि शुल्क लगने का असर रोज की कमाई पर पड़ेगा।

