मेरी मां से कहा- अछूत की लड़की को नहीं पढ़ाएंगे, मैंने भी छूआछूत झेला: बोलीं पूर्व लोकसभा स्पीकर

Apr 05, 2026 06:07 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान, विशेष संवाददाता, लखनऊ
share

पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार ने कहा कि मेरी मां की स्कूली शिक्षा कानपुर में हुई थी। जब वह कालेज गईं तो वहां कहा गया- अछूत की लड़की को नहीं पढ़ाएंगे। मेरे पिता भी अछूते नहीं रहे। मैंने भी छूआछूत झेला है।

मेरी मां से कहा- अछूत की लड़की को नहीं पढ़ाएंगे, मैंने भी छूआछूत झेला: बोलीं पूर्व लोकसभा स्पीकर

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने कहा कि उन्होंने भी छुआछूत झेला है। न केवल मैंने बल्कि राजनीति के शीर्ष पर रहते हुए मेरे पिता (जगजीवन राम) इससे अछूते नहीं रहे। पढ़ाई के दौरान मेरी मां के साथ भी यही व्यवहार हुआ। मीरा कुमार ने शनिवार को पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती की पूर्व संध्या पर लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम में ये बातें साझा करते हुए कुछ भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि मेरी मां की स्कूली शिक्षा कानपुर में हुई थी। जब वह कालेज गईं तो वहां कहा गया- अछूत की लड़की को नहीं पढ़ाएंगे। उन्होंने लखनऊ में उच्च शिक्षा पूरी की, लेकिन यहां भी वे इससे नहीं बचीं।

वाराणसी में पिता का अपमान हुआ- मीरा कुमार

उन्होने कहा कि वाराणसी में मेरे पिता का अपमान हुआ। मैं विदेश सेवा में रही, लेकिन यह काफी नहीं था। मैं चेन्नई गई थी। वहां एक नेता ने अपने घर पर मुझे नाश्ते पर बुलाया। मेरे साथ चार और लोग भी थे। वहां पहुंचे तो एक महिला ने भीतर से कहा, सब अछूत बैठे हैं, इन्हें खिलाने के बाद हमें प्लेटें तोड़नी होंगी। साथियों ने कहा कि हम नहीं खाएंगे तो मैंने कहा कि खाओ, प्लेटें वे अपनी तोड़ेंगे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की तारीफ की

मीरा कुमार ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तारीफ करते हुए कहा कि वह सबसे बड़ी ताकत से लड़ जाते हैं। तकनीकी गड़बड़ी न होती तो वह एमपी होते। उन्होंने कहा कि जाति व्यवस्था अमरबेल है और समाज सूख गया है। इसलिए, सामाजिक न्याय की जरूरत है।

ब्राह्मण समाज बेरोजगारी झेलेगा- रतन ला

रतन लाल दलित चिंतक और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रतन लाल ने कहा कि भाजपा ब्राह्मण समाज को फरसा पकड़ा कर दंगाई बना रही है। समाज के लोग सावधान रहें। सरकार निजीकरण से नौकरी खत्म कर रही है। इससे ब्राह्मण समाज के लोग भी बेरोजगारी झेलेंगे।

2027 में कांग्रेस की जीत पक्की- अजय राय

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हम सभी को मिलकर एक साथ कार्य करने की जरूरत है, यदि हमने मिलकर काम किया तो 2027 में कांग्रेस की जीत पक्की है। यूपी प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि राहुल गांधी बाबू जगजीवन राम के विचारों पर चलते हुए समतामूलक समाज के निर्माण में अग्रसर हैं। कांग्रेस पार्टी उसी पर चल रही है।इन्हें किया गया सम्मानितपूर्व सांसद पीएल पुनिया, बृजलाल खाबरी, कमल किशोर कमांडो, ओमवती देवी, एपी गौतम, पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रसाद, फूल कुंवर, इंदल रावत, मीता गौतम, भगवती प्रसाद चौधरी, गयादीन अनुरागी, राधे श्याम कनौजिया, एचएल दुसाध, ज्ञान प्रकाश जख्मी, अमित नायब,महेश चंद्र देवा, विद्या गौतम, सुनील राम आदि को मीरा कुमार ने सम्मानित किया।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।