
आजम खान के लिए आज का दिन अहम, भड़काऊ भाषण केस में फैसला सुना सकती है कोर्ट
आजम खान पर आरोप है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने चुनाव आयोग पर तल्ख टिप्पणी की थी और मतदाताओं को उकसाया था। पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था जिसका ट्रायल एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में चला। दोनों पक्षों की बहस पहले ही पूरी हो चुकी है। कोर्ट ने फैसले के लिए आज की तारीख तय की है।
Azam Khan Case: समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खान (Azam Khan) के खिलाफ सिविल लाइंस कोतवाली में दर्ज भड़काऊ भाषण के केस में मंगलवार को अदालत अपना फैसला सुना सकती है। इस केस में पिछले दिनों ही दोनों पक्षों की बहस पूरी हुई थी। सपा नेता आजम खान वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव में सपा के प्रत्याशी थे। इस दौरान सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में उन्होंने 23 अप्रैल को चुनावी सभा की थी। जिसके अगले दिन यानी 24 अप्रैल 2019 को सहायक रिटर्निंग आफीसर एवं तत्कालीन एसडीएम सदर प्रेम प्रकाश तिवारी ने सिविल लाइंस कोतवाली में आजम खान के खिलाफ केस दर्ज कराया था।

इसमें आजम खान पर आरोप है कि इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग पर तल्ख टिप्पणी की थी। इसके साथ ही मतदाताओं को भी उकसाया था। विवेचना के बाद पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया, जिसका ट्रायल एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में चला। दोनों पक्षों की बहस पहले ही पूरी हो चुकी है। अब इस केस में कोर्ट ने निर्णय के लिए मंगलवार 11 नवंबर की तारीख मुकर्रर की है।
अब्दुल्ला के अधिवक्ता बीमार, सुनवाई टली
पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट मामले में आरोपी अब्दुल्ला के अधिवक्ता बीमार पड़ गए। उनकी ओर से स्थगन प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया है। जिस पर सुनवाई टल गई। मालूम हो कि अब्दुल्ला आजम को सोमवार को कोर्ट में पासपोर्ट जमा करना था लेकिन, स्थगन के चलते पासपोर्ट जमा नहीं किया। इस केस में सुनवाई 30 नवंबर को सुनवाई होगी।
ज्वाइंट ट्रायल पर सुनवाई टली
रिकार्ड रूम में अभिलेखों की हेराफेरी और कस्टोडियन की जमीन के मुकदमों का ट्रायल एक साथ कराने के संबंध में आजम खां के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई टल गई। इसके लिए 28 नवंबर की तारीख मुकर्रर की गई है।
डूंगरपुर प्रकरण में कोर्ट नहीं पहुंचा गवाह
सपा नेता आजम खां से जुड़े चर्चित डूंगरपुर प्रकरण में गवाह कोर्ट नहीं पहुंचा, जिसके चलते सुनवाई टल गई। अब इस केस में 18 नवंबर को सुनवाई होगी।



