
जिम्मेदारी से बचने के लिए पुलिसवालों ने रात में कर दी शव की शिफ्टिंग, 3 कर्मियों पर गिरी गाज
मेरठ में पुलिस की एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां दो पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड जिम्मेदारी से बचने के लिए अज्ञात शव को रात के समय दूसरे क्षेत्र में ले जाकर फेंक गए। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को निलंबित कर दिया।
यूपी के मेरठ से पुलिसवालों की गजब कारस्तानी समाने आई है। जहां जिम्मेदारी से बचने के लिए एक अज्ञात शव को रात के दूसरे क्षेत्र में ले जाकर फेंक आए। हालांकि उनकी ये करतूत पास में लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने एक्शन लेते हुए एक होमगार्ड सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
पुलिस के अनुसार शास्त्रीनगर एल ब्लॉक चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में शुक्रवार तड़के लगभग 1 बजकर 50 मिनट पर दो पुलिसकर्मियों को बाइक से आते और एक ई-रिक्शा में लाए गए अज्ञात व्यक्ति के शव को एक दुकान के सामने रखकर लौटते देखा गया है। सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान के बाहर शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद लोहिया नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विपिन टाडा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि शव को एल ब्लॉक क्षेत्र में ई-रिक्शा से पुलिस आरक्षी राजेश और होमगार्ड रोहतास द्वारा रखवाया गया था। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कांस्टेबल राजेश, होमगार्ड रोहतास तथा एल ब्लाक चौकी प्रभारी (उप निरीक्षक) जितेंद्र को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह को सौंपी गई है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि कुछ मामलों में पुलिस जिम्मेदारी से बचने के लिए शवों को दूसरे क्षेत्रों में छोड़ती है। एसएसपी ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मां के सामने बेटे की गोली मारकर हत्या
उधर, सदर बाजार में वेस्टर्न रोड पर गुरुवार देर रात 12.30 बजे जीजा ने अपनी सास के सामने ही साले की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक एलएलबी का छात्र था। आरोपी कई दिन से धमकी दे रहा था। पुलिस ने हत्यारोपी जीजा और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
वेस्टर्न रोड निवासी राधेश्याम सोनकर एमडीए कर्मी हैं। इनका 23 वर्ष बेटा केशव सोनकर एलएलबी का छात्र था। राधेश्याम की बेटी टीना और अंश निवासी फाजलपुर ने जनवरी 2025 में कोर्ट मैरिज कर ली थी। टीना के परिजन इस शादी के खिलाफ थे और राधेश्याम ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। तीन माह पूर्व टीना को परिजन घर ले आए थे। इसके बाद टीना का अंश से संपर्क खत्म हो गया था। फोन पर भी बातचीत नहीं हो पा रही थी। इसी को लेकर अंश ने ससुराल पक्ष को धमकाया था।





