सांसद सायोनी घोष के सिर कलम पर एक करोड़; यूपी BJP नेता का VIDEO, अब बैकफुट पर आए
टीएमसी सांसद सायोनी घोष का सिर कलम करने वाले को एक करोड़ का इनाम देने की घोषणा वाले यूपी भाजपा नेता के विवादित बयान से देश की सियासत गरमा गई है। सयोनी भी एक्टिव हुईं तो भाजपा नेता बैकफुट पर आ गए हैं।

UP News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं टीएमसी सांसद सायोनी घोष का सिर कलम करने पर एक करोड़ का इनाम देने की घोषणा करने वाले यूपी भाजपा नेता बैकफुट पर आ गए हैं। बुलंदशहर में सिकंदराबाद नगर पालिका अध्यक्ष व भाजपा नेता डॉ. प्रदीप दीक्षित के सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सायोनी के सिर के बदले एक करोड़ रुपये देने के बयान से राजनीतिक माहौल गर्मा गया। सांसद सायोनी घोष ने एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। सांसद ने इसे एक खुली धमकी बताया और पुलिस से कार्रवाई की अपील की। सायोनी के एक्टिव होते ही भाजपा नेता ने बुधवार शाम खेद जताते हुए वीडियो जारी किया है।
बताया जा रहा है कि भाजपा नेता ने यह विवादित बयान कुछ दिन पूर्व निकाली गई धर्म ध्वज यात्रा के दौरान दिया था। बयान का वीडियो वायरल होने के बाद टीएमसी सांसद सायोनी घोष ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने इसे एक महिला जनप्रतिनिधि को दी गई खुली धमकी बताते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस से तत्काल कार्रवाई की अपील की है। सायोनी घोष ने कहा कि वह ऐसी धमकियों से डरने वाली नहीं हैं और लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाती रहेंगी।
अब पालिकाध्यक्ष ने बयान पर जताया खेद
टीएमसी सांसद सायोनी घोष का सिर कलम करने वाले को 1 करोड़ रुपये इनाम देने की घोषणा करने वाले सिकंदराबाद नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित ने अपने बयान पर खेद प्रकट किया है। बुधवार शाम वीडियो जारी करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि सायोनी घोष सोशल मीडिया पर शेयर हुई विवादित तस्वीर को लेकर सार्वजनिक रूप से पहले ही खेद जता चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि वे किसी भी तरह की हिंसा के समर्थक नहीं हैं और अपने बयान पर खेद व्यक्त करते हैं। साथ ही लोगों से अपील करते हुए कहा कि न किसी को हिंसा की बात करने का अधिकार है और न ही किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का। गौरतलब है कि 5 दिन पहले पंडित घनश्याम झा द्वारा निकाली जा रही 3100 किलोमीटर लंबी धर्म ध्वज यात्रा के शुभारंभ के दौरान सिकंदराबाद में डॉ. प्रदीप दीक्षित ने सायोनी घोष का सिर कलम करने पर 1 करोड़ रुपये नकद इनाम देने की घोषणा वाला विवादित बयान दिया था।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


