कौशांबी में मिट्टी का टीला ढहने से बड़ा हादसा, मां-बेटी समेत तीन महिलाएं जिंदा दफन

Pawan Kumar Sharma हिन्दुस्तान संवाद, कौशांबी
share

कौशांबी में रविवार की सुबह मकान की पुताई के लिए खुदाई करते वक्त मिट्टी का टीला ढह गया। इसमें मां-बेटी समेत तीन महिलाएं जिंदा दफन हो गईं। वहीं, जिला अस्पताल में भर्ती मृतका के बेटे व एक अन्य महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कौशांबी में मिट्टी का टीला ढहने से बड़ा हादसा, मां-बेटी समेत तीन महिलाएं जिंदा दफन

UP News: यूपी के कौशांबी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के चक थक थांभा गांव में रविवार की सुबह मकान की पुताई के लिए खुदाई करते वक्त मिट्टी का टीला ढह गया। इसमें मां-बेटी समेत तीन महिलाएं जिंदा दफन हो गईं। जिला अस्पताल में भर्ती मृतका के पुत्र व एक अन्य महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।

चक थांभा की रहने वाली 45 वर्षीय गीता देवी पत्नी लल्लू गृहणी थी। रविवार की सुबह वह अपनी आठ साल की बेटी अंकिता देवी, 11 साल के बेटे अमित कुमार, पड़ोसन 40 वर्षीय उत्तरा देवी पत्नी नोखेलाल लोधी व 45 वर्षीय तिजिया देवी पत्नी जीत लाल सरोज समेत अन्य के साथ गांव स्थित प्राइमरी स्कूल के समीप बने तालाब में मिट्टी की खुदाई करने गई थी। इस मिट्टी से घर की पोताई करनी थी। खुदाई के चलते वहां पर सुरंग सी बन गई थी। महिलाएं-बच्चे इसी में घुसते चले गए। तभी अचानक टीला भरभराकर ढह गया। सभी मिट्टी के ढेर में दब गए।

Voice of UP

दुर्घटना देख साथ व आसपास रहीं अन्य महिलाएं चीख पड़ीं। दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों के साथ ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी के नीचे दबी महिलाओं, बच्चों को बाहर निकाला। इस बीच नारा चौकी पुलिस तथा मंझनपुर तहसीलदार पुष्पेंद्र गौतम मौके पर पहुंचे। सभी को अस्पताल भेजा गया।वहां डॉक्टरों ने चेकअप कर गीता देवी, उसकी बेटी अंकिता देवी एवं पड़ोसन उत्तरा देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि, दिवंगत गीता के बेटे अमित व पड़ोस की तिजिया देवी को गंभीर हालत में भर्ती कर लिया।

सोनभद्र में भी टीला ढहने से तीन महिलाओं की हुई थी मौत

इससे पहले सोनभद्र जिले से भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया था। फरवरी में किरवानी के जंगल में सोमवार की सुबह मिट्टी का टीला ढहने से पांच लोग दब गए थे। सभी घर की पोताई के लिए छुई मिट्टी निकालने गए थे।

23 फरवरी को म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी और खैराही गांव से सोमवार की सुबह कुछ महिलाएं घर की पोताई करने के लिए छुई मिट्टी निकालने थाना क्षेत्र के किरवानी के जंगल में गई थी। जंगल में एक मिट्टी के टीले के पास से सभी मिट्टी निकाल रही थी। इसी दौरान मिट्टी का टीला ढह गया। इससे मिट्टी निकाल रही सभी उसी के नीचे दब गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर म्योरपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरु कर दिया। मौके पर जेसीबी से मिट्टी हटाने का कार्य गया था।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।