काम की बात: राखी पर यूपी से दिल्ली के लिए तीन रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेनें, इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
रक्षाबंधन पर बहनों की यात्रा सुविधाजनक करने के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। यूपी से दिल्ली के लिए तीन स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। यह ट्रेनें 26 से 30 अगस्त के बीच चलेंगी।

रक्षाबंधन पर भाइयों के घर जाने वाली बहनों की सुविधा के लिए रेलवे ने तीन रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। यह ट्रेनें यूपी के कई स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। दो ट्रेनें झांसी से दिल्ली और एक ट्रेन खजुराहो से दिल्ली के लिए चलेगी। 26 अगस्त से 30 अगस्त के बीच इन ट्रेनों का संचालन होगा। आगरा रेल मंडल के पीआरओ संजय कुमार गौतम ने बताया कि रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से प्रमुख शहरों के बीच अतिरिक्त रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे लोगों को राहत मिल सकेगी।
26 से 28 अगस्त के बीच झांसी से निजामुद्दीन के लिए ट्रेन
ट्रेन सं. 01901/01902 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-हजरत निजामुद्दीन रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन झांसी से 27 और 28 अगस्त को चलेगी। ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से सुबह 11 बजे चलकर दतिया सुबह 11:26 बजे, डबरा सुबह 11:58 बजे, ग्वालियर दोपहर 12:40 बजे, मुरैना दोपहर 1:15 बजे, धौलपुर दोपहर 2:10 बजे, आगरा कैंट दोपहर 2:55 बजे, मथुरा शाम 4:05 बजे, कोसीकलां शाम 4:40 बजे और हजरत निजामुद्दीन शाम 6:30 बजे पहुंचेगी।
यही ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से 27 और 28 अगस्त को चलेगी। हजरत निजामुद्दीन से शाम 7:30 बजे चलकर कोसीकलां रात 9:18 बजे, मथुरा रात 10:05 बजे, आगरा कैंट रात 11:05 बजे, धौलपुर रात 12:18 बजे, मुरैना रात 12:40 बजे, ग्वालियर रात 1:40 बजे, डबरा रात 2:25 बजे, दतिया रात 2:50 बजे और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन रात 3:30 बजे पहुंचेगी। ट्रेन में साधारण, शयनयान और वातानुकूलित शयनयान कोच होंगे।
दूसरी ट्रेन 26 से 30 अगस्त के बीच चलेगी
ट्रेन सं. 01903/01904 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-हजरत निजामुद्दीन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन 26 से 30 अगस्त तक चलेगी। ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से शाम 7:20 बजे चलकर रात 11:10 बजे आगरा कैंट और देर रात 3:05 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
ट्रेन सं. 01904 हजरत निजामुद्दीन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन 27 से 31 अगस्त तक चलेगी। यह हजरत निजामुद्दीन से सुबह 4:10 बजे चलकर सुबह 8:40 बजे आगरा कैंट, सुबह 10:08 बजे धौलपुर, सुबह 11:40 बजे ग्वालियर और दोपहर 2:05 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन में आठ जनरल, पांच स्लीपर, तीन चेयर कार और दो एसी चेयर कार कोच होंगे।
खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन के बीच चलेगी स्पेशल
गाड़ी सं. 01913/01914 खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन चलेगी। ट्रेन खजुराहो से 26, 28 और 30 अगस्त को चलेगी। यह खजुराहो से शाम 5 बजे चलकर रात 10:10 बजे झांसी, रात 11:40 बजे ग्वालियर, रात 2:35 बजे आगरा कैंट और सुबह 7:30 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से 27, 29 और 31 अगस्त को सुबह 11:10 बजे चलकर दोपहर 2:05 बजे मथुरा जंक्शन, दोपहर 3 बजे आगरा कैंट, रात 8:45 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और रात 12:55 बजे खजुराहो पहुंचेगी। ट्रेन में 15 जनरल, तीन स्लीपर और दो एसी थर्ड कोच होंगे।
गाजियाबाद ईएमयू के समय में संशोधन
रेलवे ने गाड़ी सं. 64167/64168 गाजियाबाद-आगरा सिटी-गाजियाबाद ईएमयू के संचालन समय में 30 अगस्त से आंशिक संशोधन किया है। पीआरओ संजय गौतम ने बताया कि गाजियाबाद से आगरा सिटी जाने वाली ट्रेन संख्या 64167 ईएमयू अब टूंडला स्टेशन पर 11.25-11.35 के स्थान पर 11.10-11.20 बजे, एत्मादपुर में 11.47-11.48 के स्थान पर 11.32-11.33 बजे, छलेसर में 12.05-12.06 के स्थान पर 11.55-11.56 बजे और यमुना ब्रिज पर 12.13-12.14 के स्थान पर 12.08-12.09 बजे पहुंचेगी व छूटेगी।
इसी प्रकार आगरा सिटी से गाजियाबाद लौटने वाली ट्रेन संख्या 64168 ईएमयू अब टूंडला स्टेशन पर 15.30-15.40 के स्थान पर 15.20-15.30 बजे, बरहन में 15.56-15.57 के स्थान पर 15.46-15.47 बजे, जलेसर रोड पर 16.08-16.09 के स्थान पर 16.03-16.04 बजे और हाथरस जंक्शन पर 16.24-16.25 के स्थान पर 16.19-16.20 बजे पहुंचेगी व छूटेगी।
फेरे बढ़ाने के साथ बसों की संख्या भी बढ़ेगी
रक्षाबंधन पर बहनों को भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए मायके पहुंचाने के लिए रोडवेज ने भी तैयारी पूरी कर ली है। क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि दिल्ली से 50 और जयपुर से 25 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इन दोनों शहरों के लिए चलने वाली नियमित बसें भी इस दौरान संचालित होती रहेंगी। इसके अलावा आगरा से 100 किलोमीटर के दायरे में पड़ने वाले शहरों के लिए बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। दिन में दो फेरे लगाने वाली बसें रक्षाबंधन के दौरान तीन फेरे लगाएंगी। इससे करीब 25 प्रतिशत फेरे बढ़ जाएंगे। छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं।
अहमदाबाद-भागलपुर चलेगी अमृत भारत एक्स.
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने गाड़ी सं. 19423/19424 अहमदाबाद-भागलपुर-अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की है। ट्रेन अहमदाबाद से 26 अगस्त से प्रत्येक बुधवार को और भागलपुर से 28 अगस्त से प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। ट्रेन अहमदाबाद से बुधवार शाम 6.30 बजे चलकर गुरुवार सुबह 9.20 बजे ईदगाह जं. और शुक्रवार सुबह 6.40 बजे भागलपुर पहुंचेगी। ट्रेन भागलपुर से शुक्रवार को शाम 4.45 बजे चलकर शनिवार दोपहर 12.20 बजे ईदगाह जं. स्टेशन व रविवार सुबह 5.25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।


