किशोरी को भगा ले जाने की मिली सजा, पंचायत में बाप-बेटे समेत तीन का मुंडवाया गया सिर

Apr 09, 2026 12:45 pm ISTPawan Kumar Sharma वरिष्ठ संवाददाता, सहारनपुर
share

सहारनपुर में युवक द्वारा युवती को बहला-फुसला कर ले जाने को लेकर हुई पंचायत में शर्मनाक मामला सामने आया है। पंचायत में युवती पक्ष ने आरोपी युवक उसके भाई और उनके पिता के सिर मुंडवा दिए। साथ ही उनके साथ मारपीट भी की गई।

किशोरी को भगा ले जाने की मिली सजा, पंचायत में बाप-बेटे समेत तीन का मुंडवाया गया सिर

यूपी के सहारनपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव कोल्की रांघड़ में युवक द्वारा युवती को बहला-फुसला कर ले जाने को लेकर हुई पंचायत में शर्मनाक मामला सामने आया है। पंचायत में युवती पक्ष ने आरोपी युवक उसके भाई और उनके पिता के सिर मुंडवा दिए। साथ ही उनके साथ मारपीट भी की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले गांव का एक युवक युवती को बहला कर अपने साथ ले गया था। युवती के परिजनों ने मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद लड़की को बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। इसके बावजूद, गांव में दोनों पक्षों के बीच तनातनी जारी रही। इसी विवाद को लेकर गांव में एक दिन पहले दोनों पक्षों की पंचायत बुलाई गई। पंचायत के दौरान ही अचानक युवती पक्ष के लोगों ने युवक उसके भाई और पिता को मजबूर कर उनके बाल मुंडवा दिए। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इसकी पुष्टि नहीं करता है।

वहीं, वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों युवक और उनके पिता के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट भी की जा रही थी। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसने लोगों को स्तब्ध कर दिया। इस मामले में देहात कोतवाली के इंस्पेक्टर देवेश कुमार शर्मा ने बताया कि पंचायत कब हुई इसकी भी जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

नाबालिगों को भगाने का आरोप था

वहीं, सहारनपुर पुलिस का कहना है कि वीडियो संज्ञान में आया है। जिसमें कुछ व्यक्ति तीन लड़कों के बाल काटते हुए नजर आ रहे हैं। प्रारंभिक जांच करने पर पता चला है कि यह वीडियो गांव कोलकी रांगर थाना कोतवाली देहात का है। जिनके बाल काटे जा रहे हैं, उनके ऊपर गांव की ही दो नाबालिग बच्चियों को भगा कर ले जाने का आरोप लगा था। जिस पर थाना कोतवाली देहात पर मुकदमा पंजीकृत हुआ था। दोनों नाबालिग बच्चियों को बरामद भी कर लिया गया है। इसी मुकदमे के उपलक्ष्य में गांव में पंचायत बुलाई गई। जिसमें कुछ व्यक्तियों के द्वारा इन तीनों आरोपियों के बाल काटे गए। बाल काटते हुए व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है। इसमें अभियोग पंजीकृत कराया जा रहा है और विधिक कार्रवाई इसमें की जाएगी। फिलहाल मौके पर गांव में शांति व्यवस्था कायम है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।