घर लौट रहे तीन मासूमों को ट्रक ने रौंदा, दो की मौके पर मौत, फतेहपुर में दर्दनाक हादसा

Mar 01, 2026 05:12 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता, फतेहपुर
share

फतेहपुर के बांदा-बहराइच मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार तीन बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में दो मासूमों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक बच्चा सुरक्षित बच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। गांव में मातम पसरा है।

घर लौट रहे तीन मासूमों को ट्रक ने रौंदा, दो की मौके पर मौत, फतेहपुर में दर्दनाक हादसा

बांदा-बहराइच मार्ग पर शनिवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे में साइकिल सवार दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा बच्चा सुरक्षित बच गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

तीनों बच्चे साइकिल से घर लौट रहे थे

जानकारी के मुताबिक मदनपुर गांव निवासी गोपी किशन का आठ वर्षीय पुत्र किशन शनिवार को गांव के ही 11 वर्षीय विमल (पुत्र पिंकू) और 10 वर्षीय अनिल (पुत्र पिंकू) के साथ गांव के पास स्थित बाग से बेर तोड़ने गया था। शाम करीब चार बजे तीनों बच्चे साइकिल से घर लौट रहे थे। साइकिल अनिल चला रहा था, जबकि किशन और विमल पीछे बैठे थे। उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।

तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा

टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल उछलकर सड़क किनारे खेत की ओर जा गिरा, जबकि किशन और विमल सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय विमल की मां भी पैदल चारे की गठरी लेकर पीछे आ रही थी। अचानक हुए इस हादसे को देखकर वह चीख पड़ी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

परिवार में मचा कोहराम

ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशन और विमल ने दम तोड़ दिया। दोनों की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं अनिल को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वहीं जिले के हुसैनगंज के डलमऊ मार्ग पर शनिवार सुबह एक ट्रक ने बाइक सवार चाचा भतीजी को टक्कर मार दी। जिसमें भतीजी की मौके पर मौत हो गई। वहीं चाचा घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश शुरु कर दी है। गोविंदपुर थाना कल्यानपुर निवासी रामखेलावन निषाद अपनी भतीजी लक्ष्मी देवी पुत्री कल्लू निषाद को बाइक से लेकर आ रहे थे। तभी डलमऊ की ओर से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लक्ष्मी देवी की मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं रामखेलावन निषाद को चोटें आई हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |