
यूपी के इस जिले में तीन शिक्षिकाओं के बीच सड़क पर हो गई मारपीट, बस इतनी सी थी बात
शिक्षिकाओं की इस लड़ाई की सूचना पुलिस तक भी पहुंची। फिर पुलिस मौके पर आई और तीनों को शांत कराया। शिक्षिकाओं का गुस्सा देखते हुए पुलिस तीनों को अपने साथ कोतवाली ले गई। वहां उनसे पूछताछ की गई। अब यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के बांसी बस स्टेशन पर तीन महिला शिक्षाकाओं के बीच बस में और सड़क पर मारपीट हो गई। बात बेहद मामूली थी लेकिन एक बार बहस और झगड़ा शुरू हुआ तो फिर न अपने पद का ध्यान रहा, न जगह का, न इस बात का कि तमाम लोग यह सब कुछ देख रहे हैं। कुछ लोगों ने शिक्षिकाओं के बीच मारपीट को मोबाइल कैमरे में कैद भी कर लिया। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल भी हो रहा है। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
शिक्षिकाओं की इस लड़ाई की सूचना पुलिस तक भी पहुंची। फिर पुलिस मौके पर आई और तीनों को शांत कराया। शिक्षिकाओं का गुस्सा और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तीनों को अपने साथ कोतवाली ले गई। वहां उनसे पूछताछ की गई। अब यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार तीनों शिक्षाकाएं सिद्धार्थनगर के बांसी तहसील क्षेत्र के बांसी और मिठवल विकास खंड के स्कूलों में पढ़ाती हैं। दो शिक्षिकाएं बांसी विकास खंड और एक मिठवल ब्लॉक के स्कूल में तैनात हैं।
एक ही बस में सवार थीं तीनों शिक्षिकाएं
बताया जा रहा है कि तीनों शिक्षिकाएं प्रयागराज से आ रही थीं। वे एक ही बस पर बांसी के लिए सोमवार की शाम सवार हुईं। प्रयागराज में बस में बैठते ही खिड़की बंद करने और खोलने को लेकर उनके बीच विवाद हुआ। वही विवाद मंगलवार को बांसी में बस से उतरने के दौरान फिर शुरू हो गया। एक शिक्षिका ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि अन्य दोनों शिक्षिकाओं ने बस के अंदर और बाहर उनकी पिटाई की। यही नहीं बस से उतरते ही एक अज्ञात युवक से भी उनकी पिटाई कराई गई। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने तीनों शिक्षिकाओं को कोतवाली ले जाकर पूछताछ की।
पुलिस ने बीएसए को भी दी जानकारी
कोतवाली प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना से बीएसए को भी अवगत करा दिया गया है।





