जिउतिया पर पांच बच्चों की चली गई जान, मां की आंखों के सामने स्नान के दौरान डूबने से मौत
जिन बच्चों के लिए मां ने जिउतिया का व्रत रखा, आंखों के सामने ही उनकी मौत हो गई। यूपी के देवरिया और चंदौली में जीवित्पुत्रिका पर्व पर स्नान के दौरान पांच बच्चों की डूबकर जान चली गई है। मरने वालों में चार बालक और एक बालिका है। देवरिया में गौरीबाजार और रुद्रपुर थाना क्षेत्र में घटना हुई।

यूपी के देवरिया और चंदौली में जिउतिया (जीवित्पुत्रिका) पर्व पर रविवार को स्नान करने के दौरान चार बालकों और एक किशोरी की डूबकर मौत हो गई, जबकि तीन को लोगों ने बचा लिया। एक बालिका को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। दोनों बालकों का पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने इनकार कर दिया। जिन बच्चों की दीर्घायु के लिए मांओं ने व्रत रखा था, उनके शव देखकर घरों में कोहराम मच गया। वहीं, चंदौली में कर्मनाशा नदी में स्नान के दौरान 2 मासूम समा गए। एक की उम्र 12 साल और दूसरे की 9 साल थी। घटना कंदवा थाना क्षेत्र के चारी गांव की है।
देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम देवगांव की रहने वाली राधा (13) पुत्री पन्नेलाल अपनी मां अंजू देवी, बहन सृष्टि गुप्ता, गांव की अमृता, अंशिका के साथ जिउतिया पर्व पर पहलवान सिंह के पोखरे पर स्नान करने गई थी। इस दौरान अमृता, राधा और अंशिका गहरे पानी में चली गईं। लोगों ने तीनों को बाहर निकाला। इनमें से अमृता और राधा की हालत गंभीर देख परिजन महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां राधा को मृत घोषित कर दिया गया। अमृता का उपचार चल रहा है।
गौरीबाजार के ही गुलरिया गांव के रहने वाले श्रवण गोंड की पत्नी बेटे राज गोंड (10) के साथ स्नान करने गांव के पोखरे पर गई थी। राज को डूबते देख मां ने बचाने का प्रयास किया तो वह भी डूबने लगी। माौके पर मौजूद लोगों ने मां को बचा लिया, लेकिन राज डूब गया। बाद में बालक को निकालकर सीएचसी ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं रुद्रपुर उपनगर के टेड़ा वार्ड के रहने वाले अमूल्य रत्न कनौजिया की पत्नी रीना देवी अपने दोनों जुड़वा बेटों कुणाल और आर्यन (11) के लिए व्रत थीं। शाम को बेटे और मोहल्ले की महिलाओं के साथ स्नान-पूजा के लिए बथुआ नदी के पक्के घाट पर पहुंची। बेटा कुणाल भी अपने दोस्तों के साथ स्नान करने के दौरान गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे। काफी प्रयास के बाद नदी से निकालकर सीएचसी ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे का शव देख मां रीना देवी बेहोश हो गई।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें


