रायबरेली में नहर में बहते दिखे तीन शव; ग्रामीणों में मचा हड़कंप, कई थानों की पुलिस पहुंची

sandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता, रायबरेली
share

रायबरेली के मलपुर गांव के पास शारदा नहर में दो पुरुषों और एक महिला के शव मिलने से हड़कंप मच गया। तीनों शव करीब दस दिन पुराने बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पहचान और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

रायबरेली में नहर में बहते दिखे तीन शव; ग्रामीणों में मचा हड़कंप, कई थानों की पुलिस पहुंची

रायबरेली के बछरावां क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शारदा नहर में दो पुरुषों और एक महिला के शव बहते हुए दिखाई दिए। घटना मलपुर गांव के पास की है, जहां ग्रामीणों ने नहर में शव उतराते देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।ग्रामीणों की सूचना पर बछरावां और शिवगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव अर्धनग्न अवस्था में मिले हैं और काफी पुराने प्रतीत हो रहे हैं। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि शव करीब दस दिन पुराने हो सकते हैं।

रायबरेली की नहर में मिले 3 शव

मृतकों में एक पुरुष की उम्र लगभग 50 वर्ष, दूसरे की करीब 40 वर्ष और महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष आंकी गई है। शवों की हालत खराब होने के कारण उनकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने आसपास के लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी आलोक कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। पुलिस आसपास के जिलों और थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है। ताकि शवों की शिनाख्त हो सके।

Voice of UP

शवों की अभी तक नहीं हो सकी शिनाख्त

थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शवों के एक साथ मिलने से हत्या की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर चिंता है कि आखिर तीनों लोग कौन थे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।