Hindi NewsUP NewsThreatened to kill for scolding children, strangled to death 24 hours later
बच्चों को डांटने पर जान से मारने की धमकी, 24 घंटे के अंदर ही गला रेतकर उतारा मौत के घाट

बच्चों को डांटने पर जान से मारने की धमकी, 24 घंटे के अंदर ही गला रेतकर उतारा मौत के घाट

संक्षेप:

आगरा में बच्चों को डांटने पर बुजुर्ग महिला को जान से मारने की धमकी दी गई। 24 घंटे के भीतर ही दुस्साहसिक अंदाज में बुजुर्ग महिला पर चाकू से हमला कर मौत के घाट भी उतार दिया गया। दिनदहाड़े ही वारदात को अंजाम दिया गया है।

Mon, 20 Oct 2025 11:34 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

उत्तर प्रदेश में आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला रेतकर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। यह वारदात रुनकता इलाके में शाम करीब तीन बजे हुई, जब आरोपी पड़ोसी इमरान ने चाकू से हमला कर महिला फिरदौस की जान ले ली। पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे एक छोटी सी बात का विवाद था, जो जानलेवा साबित हुई।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

पुलिस के अनुसार, एक दिन पहले फिरदौस ने इमरान के बच्चों को किसी बात पर डांटा था। इससे इमरान नाराज हो गया। गुस्से में आकर उसने रविवार को ही फिरदौस को जान से मारने की धमकी देकर चला गया। अभी 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि अपनी धमकी को अमलीजामा पहनाते हुए सोमवार दोपहर जब फिरदौस अपने घर के बाहर बैठी थी, इमरान मौके पर पहुंचा और बिना देर किए चाकू से उस पर हमला कर दिया। उसने कई वार किए और फिरदौस का गला रेतकर मौके से फरार हो गया। हमले में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

ये भी पढ़ें:आगरा में भीषण विस्फोट, सिलेंडर फटने से पूरा मकान ढहा, मलबे से छह को निकाला

स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार इमरान की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीमों ने इलाके में दबिशें दीं, लेकिन अभी तक इमरान का कोई सुराग नहीं लगा है। जांच में पता चला कि इमरान नशे का आदी है और वारदात के वक्त भी वह नशे की हालत में था। पड़ोसियों ने बताया कि इमरान पहले भी नशे में धुत होकर विवाद करता रहा है, लेकिन इस बार उसने हिंसा की हद पार कर दी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या की इस वारदात में इस्तेमाल हथियार और आरोपी के फरार होने के कारणों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और इमरान के संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है। घटना से इलाके में दहशत फैल गई है, और लोगों ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिरदौस के परिवार में शोक की लहर है, और वे इंसाफ की उम्मीद लगाए हैं। इस घटना ने एक बार फिर समाज में नशे और गुस्से के खतरनाक नतीजों को उजागर किया है।