ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी, पर्यटन विभाग को आए मेल के बाद सघन तलाशी
अब ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पर्यटन विभाग को मेल से मिली धमकी के बाद अधिकारियों में खलबली मच गई। तत्काल पुलिस और प्रशासन की टीम ताजमहल परिसर में पहुंचीं और चार घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

अब ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला है। मंगलवार को अतिसंवेदनशील मामला देख सक्रिय हुए सुरक्षाकर्मियों ने स्मारक के हर हिस्से की सघन जांच की। बम निरोधक दस्तों, खोजी कुत्तों की मदद ली गई। सभी पर्यटकों के बैग चेक किए गए। करीब ढाई घंटे की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ईमेल आइडी पर मंगलवार सुबह 7:53 बजे ईमेल आया। ईमेल में ताजमहल को उड़ाने की धमकी दी गई। उसमें लिखा था कि ‘ताजमहल के चारों ओर पाइप बम लगा हुआ है, जो सुबह 9 बजे फट जाएगा।’
पर्यटन विभाग का कार्यालय खुलने के बाद करीब 11 बजे धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिली। इस पर क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दीप्ति वत्स ने तत्काल अपने उच्चाधिकारियों को जानकारी देते हुए पुलिस, ताज सुरक्षा पुलिस, सीआईएसएफ और एएसआई के अधिकारियों को ईमेल को आगे बढ़ा दिया।
ये संवेदनशील जानकारी मिलते ही सीआईएसएफ के जवानों ने स्मारक परिसर को घेर लिया। बम निरोधक दस्ते को बुला लिया गया। डाग स्क्वाड भी आ गया। उसके बाद स्मारक के अंदर की छह लाइनों, 16 बगीचों, मुख्य मकबरे और अन्य स्थलों की सघन चेकिंग की गई। यही नहीं ताजमहल के पार्श्व में स्थित दशहरा और बसई घाट की ओर भी सुरक्षा बल के जवानों ने चेकिंग की। प्रदेश द्वार पर बार बैग स्कैनरों से चेकिंग के अलावा ताजमहल में मौजूद सभी पर्यटकों के बैग चेक किए गए। नियंत्रण कक्ष में सीसीटीवी पर दो जवानों को बिठा दिया गया। उन्हें लगातार हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे।
सीआईएसएफ कमांडेंट ताजमहल वैभव कुमार दुबे ने बताया कि मंगलवार को सुबह 11:40 बजे ताज को उड़ाने की धमकी की सूचना मिली थी। उसके बाद स्मारक के अंदर और बाहर सघन चेकिंग कराई गई। हर पर्यटक के सामान को चेक कर ही भेजा गया। स्मारक के बाहर भी चेकिंग हुई। दोपहर 2:30 बजे तक चेकिंग का सारा काम पूरा कर लिया गया। कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दीप्ति वत्स ने कहा कि विभाग को ईमेल मिला। इसे कार्यालय आने के बाद देखा गया। ईमेल में ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी देने की बात लिखी थी। इस पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए संबंधित विभागों को ईमेल फारवर्ड कर दिया गया। जिससे संबंधित विभाग इसकी जांच कर लें। इस पूरे प्रकरण से उच्चाधिकारियों को भी लिखित में जानकारी दी गई है।
एसीपी ताज सुरक्षा सैय्यद अरीब अहमद ने बताया कि पर्यटन विभाग को ईमेल मिला है। तत्काल सुरक्षाकर्मियों को जांच में सहयोग के लिए लगाया गया। किसी पर्यटक को परेशानी नहीं होने दी गई। ईमेल के आधार पर ताजगंज थाने में मामला दर्ज कराया जा रहा है। आगे की जांच भी की जा रही है। ईमेल का स्रोत कौन है। इसकी जांच की जा रही है।


