जमीनों पर कब्जा करने वाले विकास नहीं करते, डिप्टी सीएम केशव का सपा पर जोरदार हमला

Feb 14, 2026 04:07 pm ISTDinesh Rathour अंबेडकरनगर
share Share
Follow Us on

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को जिले के खजुरी में ग्राम चौपाल में शामिल हुए और स्वयं सहायता समूह को प्रोत्साहित किया। साथ ही लाभार्थियों में आवास की चाभी और चेक वितरित किया।  

जमीनों पर कब्जा करने वाले विकास नहीं करते, डिप्टी सीएम केशव का सपा पर जोरदार हमला

यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। कहा सपा अब समाप्त हो गई है। 2027 में सपा की वापसी का सपना पूरा नहीं होगा। 2047 तक प्रदेश में विपक्ष की वापसी नहीं होगी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को जिले के खजुरी में ग्राम चौपाल में शामिल हुए और स्वयं सहायता समूह को प्रोत्साहित किया। साथ ही लाभार्थियों में आवास की चाभी और चेक वितरित किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि विपक्ष एक परिवार, एक क्षेत्र, एक जिले और एक समूह का विकास करता था। विकास के नाम पर लूट करता था। कहा कि जमीनों पर कब्जा करने वाले विकास नहीं कर सकते। कहा जब केंद्र सरकार ने मनरेगा में गांधी के नाम पर हो रही लूट को बंद किया तो सभी को दर्द हो रहा है। विपक्ष का पीडीए का मतलब परिवार डबलपमेंट एजेंसी है।

सपा को नहीं मिलेगी सत्ता इसलिए बौखलाए हैं अखिलेश : केशव

शुक्रवार को प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम से मीडिया ने पूछा कि अखिलेश यादव कह रहे हैं केंद्र और प्रदेश सरकार में जंग छिड़ी है, अब क्या बुलडोजर की जगह ब्रह्मोस भेजेंगे। इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देखिए अखिलेश यादव बहुत अवसाद और तनाव में हैं। बिहार में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने गए थे लेकिन बड़ी मुश्किल से हांफते-हांफते विपक्ष का नेता बना सके। तभी से अखिलेश यादव तनाव में ऊल-जुलूल बयान दे रहे हैं। आगे कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का बजट इतना शानदार है कि 2027 क्या 2047 तक उनको धुंधलापन दिखाई दे रहा है।

मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही सपा

सत्ता के लिए वह मुंगेरी लाल के हसीन सपने तो देख सकते हैं लेकिन सत्ता नहीं प्राप्त कर सकते इसलिए बौखलाए हुए हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार शानदार ढंग से काम कर रही है। मीडिया के एक अन्य सवाल कि अखिलेश यादव भाजपा की सरकार को भ्रष्टाचारयुक्त कह रहे हैं के जवाब में डिप्टी सीएम ने कहा कि जिन्होंने आतंकवादियों के मुकदमे वापस ले लिए मैं उनको क्या कहूं, वह आतंकवादियों के समर्थक मुख्यमंत्री रहे। जब वो मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने तुष्टिकरण की राजनीति की। पिछड़ों-दलितों का दमन, भर्तियों में भ्रष्टाचार और जमीनों पर कब्जा करवाने का काम किया।

2027 में फिर जीतेगी भाजपा

थाने पुलिस नहीं गुंडे चलाते थे, जिले को डीएम-कप्तान नहीं माफिया किस्म के विधायक-सांसद चलाते थे। ऐसी अराजकता उत्तर प्रदेश को स्वीकार नहीं थी इसलिए सपा को उखाड़ फेंका। हम लोग पहली बार जीते, दूसरी बार जीते और तीसरी बार 2027 में फिर जीतेंगे। वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में ध्वस्तीकरण पर एक सवाल के जवाब में कहा कि हम मुस्लिम तुष्टिकरण नहीं, विकास करते हैं। किसी को उजाड़ते हैं तो उन्हें बसाते भी हैं। राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि देश के दुश्मनों के साथ फोटो खिंचाने वाले का नाम है राहुल गांधी। कांग्रेस ने लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में घुसकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है। वन्देमातरम गान की अनिवार्यता पर डिप्टी सीएम ने कहा कि इसके लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद देते हैं और भारत में यदि रहना है तो वन्देमातरम कहना है।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
;;
;