यूपी के इस जिले के 5 ब्लॉकों में होने जा रहा यह काम, सांसद गोंड ने सीएम योगी को पत्र लिखा था
उत्तर प्रदेश के बहराइच में बड़ा काम होने जा रहा है। यहां राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय स्थापित करने की कवायद तेज हो गई है। इसके लिए सांसद गोंड ने सीएम योगी ने पत्र लिखा था।

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के पांच ब्लॉकों में बड़ा काम होने जा रहा है। यहां राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय (जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय) स्थापित करने की कवायद तेज हो गई है। समाज कल्याण निदेशालय ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मिहींपुरवा, नवाबगंज, महसी, शिवपुर और चित्तौरा ब्लॉक में विद्यालयों की स्थापना के लिए भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। इन विद्यालयों के खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के वंचित और प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का अवसर मिल सकेगा।
सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने बताया कि 18 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर जिले के इन पांच ब्लॉकों में एक-एक राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय स्थापित कराने का अनुरोध किया था। उन्होंने पत्र में बहराइच को आकांक्षी जिला बताते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा की जरूरत पर जोर दिया था। साथ ही अन्य जिलों की तुलना में बहराइच में ऐसे विद्यालयों की संख्या कम होने का मुद्दा भी उठाया था।
जिला समाज कल्याण अधिकारी को जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर भूमि चिह्नित कराने, विभाग के नाम दर्ज कराने और प्रस्ताव तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बहराइच सांसद डॉ.आनंद कुमार गोंड ने बताया कि विद्यालय खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के गरीब और प्रतिभावान बच्चों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का अवसर मिलेगा। इससे आर्थिक अभाव के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी।
पांच-पांच एकड़ भूमि की तलाश
सांसद के अनुरोध के बाद समाज कल्याण निदेशालय ने दो जून को जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पांचों ब्लॉकों में विद्यालयों के लिए कम से कम पांच-पांच एकड़ निश्शुल्क और निर्विवाद भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए। भूमि ऐसे स्थान पर उपलब्ध कराने को कहा गया है, जहां आवागमन के साथ बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं भी मौजूद हों। भूमि चिह्नित होने के बाद नियमानुसार प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
कक्षा छह से 12 तक होगी पढ़ाई
राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों में कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों को निश्शुल्क शिक्षा के साथ आवास, भोजन और वर्दी की सुविधा दी जाती है। इन विद्यालयों का उद्देश्य अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराना है। पांचों ब्लॉकों में विद्यालय स्थापित होने से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आवासीय शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी।

