भूत-प्रेत का साया दिखा भोली-भाली महिलाओं को बनाते थे शिकार, गिरोह का पर्दाफाश
यूपी पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो भूत-प्रेत के साये और घर में बीमारी का डर दिखाकर भोली-भाली महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं। एक महिला ने छह अगस्त को पुलिस को बताया था कि कुछ लोग सोने के दो कंगन, दो अंगूठियां और चांदी की पायल उतरवाकर ले गए हैं।

मुरादाबाद, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बुजुर्ग और भोली-भाली महिलाओं को विश्वास में लेकर अपराध का शिकार बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। यह गिरोह महिलाओं के जेवर हड़प लेता था। गिरोह के चार सदस्यों को कटघर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य महिलाओं को भूत-प्रेत का साया होने और घर में बीमारी आने का डर दिखाकर आभूषण उतरवा लेते थे। इसके अलावा रास्ता पूछने के बहाने महिलाओं को बातों में उलझाकर नशीला पदार्थ खिलाने या सुंघाने के बाद भी जेवर लूटते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की बालियां, दो अंगूठियां, चांदी की पायल और दो हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कटघर की एक बुजुर्ग महिला से जेवर हड़पने के साथ ही मझोला क्षेत्र में हुई एक अन्य वारदात में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है।
शुक्रवार को एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर गिरोह के पकड़े जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कटघर थाना क्षेत्र की आदर्श नगर पंजाबी कॉलोनी की एक महिला ने बीती छह अगस्त को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि कुछ लोग उन्हें विश्वास में लेकर सोने के दो कंगन, दो अंगूठियां और चांदी की पायल उतरवाकर ले गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद 16 अक्तूबर की सुबह करीब 5:51 बजे गुलाबबाड़ी चुंगी के पास चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाकिर निवासी पीपलेहड़ा थाना धौलाना जिला हापुड़, शाहरुख निवासी रसूलपुर सिकरोड़ा थाना मसूरी जिला गाजियाबाद, हसन निवासी गुरुग्राम और सुलेमान उर्फ कल्लू निवासी गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में ये थे शामिल
टप्पेबाज गिरोह को पकड़ने वाली टीम में कटघर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक भानू प्रताप, शान्तनु जावला, अजय कुमार हेड कांस्टेबल सुमित राठी, सिपाही विजय चौधरी, सतनाम, रवि तोमर, अनुज कुमार और शुभम तोमर शामिल है।
मझोला की वारदात में भी शामिल होने की बात कबूली
पुलिस के अनुसार पूछताछ में शाकिर और शाहरुख ने मझोला थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य घटना में शामिल होने की बात भी बताई। आरोपियों के अनुसार करीब दस दिन पहले दिल्ली रोड से प्रकाश नगर चौराहे की ओर जाने वाले रास्ते पर उन्होंने एक महिला को रास्ता पूछने के बहाने बातों में उलझाया था। इसके बाद नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके कानों के कुंडल ले लिए थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद कुंडल मझोला थाने में दर्ज इसी मामले से संबंधित हैं। कटघर पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में चोरी का माल प्राप्त करने से संबंधित धारा भी बढ़ाई है।
नशीला बिस्कुट खिलाकर बुजुर्ग से उतरवाए थे जेवर
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 29 जुलाई को उन्होंने एक बुजुर्ग महिला को सोने के आभूषण पहने देखा था। इसके बाद उसे निशाना बनाने की योजना बनाई। गिरोह के दो सदस्य महिला को बहला-फुसलाकर ईदगाह चौराहे से पीतल नगरी रोडवेज की ओर ले गए। रास्ते में उसे नशीला पदार्थ मिला बिस्कुट खाने को दिया। उसके सोने के दो कंगन, दो अंगूठियां व चांदी की पायल उतरवा लीं। गिरोह के दो अन्य सदस्य वहां पहले से आटो लेकर मौजूद थे। वारदात के बाद चारों आरोपी वहां से फरार हो गए। आरोपियों ने बताया कि महिला से मिले सोने के कंगन गाजियाबाद के एक सुनार को बेच दिए थे। रकम आपस में बांट ली और कुछ रुपये खर्च कर दिए।

