
इन मुकुटों में सोना नहीं मिलता, हम तो कई बार गला के देख चुके; धनतेरस पर अखिलेश की पीसी में क्या हुआ?
फेस्टिव सीजन में हुई इस प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अखिलेश ने बीजेपी सरकार पर हमले तो बोले लेकिन वो हंसी-मजाक के मूड में भी दिखे। इसी मूड में त्योहारों में मिलने वाले उपहारों और कार्यक्रमों में नेताओं को पहनाए जाने वाले मुकुटों पर उन्होंने जो कुछ कहा हॉल में खूब ठहाके लगे।
Akhilesh Yadav News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने धनतेरस के दिन लखनऊ में समाजवादी पार्टी के दफ्तर में प्रेस कांफ्रेंस बुलाई। इस मौके पर दूसरे दलों से आए कई नेताओं ने जहां सपा ज्वाइन की वहीं पार्टी से जुड़े लोकगायकों-कलाकारों द्वारा तैयार समाजवादी संगीत भी सुनवाया गया। त्योहारी सीजन में बुलाई गई इस प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अखिलेश ने भाजपा और विरोधियों पर हमले तो बोले लेकिन वो हंसी-मजाक के मूड में भी दिखे। इसी मूड में त्योहारों में मिलने वाले उपहारों और कार्यक्रमों में नेताओं को पहनाए जाने वाले मुकुटों पर उन्होंने जो कुछ कहा उस पर हॉल में खूब ठहाके लगे। अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार जानें क्या हुआ है धनतेरस, दिवाली पर हमें भी बहुत गिफ्ट मिला है। हालांकि हमने मना किया है। ये सामान हम कहां रखेंगे। अखिलेश ने हंसते हुए कहा कि वैसे जो उपहार मिलते हैं और जो मुकट पहनाए जाते हैं वो बस सम्मान लायक ही होते हैं, सोना नहीं मिलता उसमें। हम तो कई बार गला के देख चुके हैं।

प्रेस कांफ्रेंस की शुरुआत में कई नेताओं ने अखिलेश यादव का सम्मान किया। इसी दौरान एक नेता ने उन्हें मुकुट पहनाकर भी सम्मानित किया था। इस मौके पर अखिलेश यादव ने सपा में शामिल हुए नेताओं का स्वागत किया और कहा कि इन सभी साथियों के आने से पीडीए की लड़ाई और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आज धनतेरस है, इसलिए किसी के बारे में ज्यादा भला-बुरा मत कहिए। लेकिन फिर जब सवाल-जवाब का सिलसिला शुरू हुआ तो भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि दिवाली पर फुस्स फुलझड़ी से क्या उम्मीद की जा सकती है? प्रदेश की बिजली व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि जिसने बिजली बनाई नहीं, वो बिजली देंगे कैसे?
बिहार चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे सीएम बिहार में पार्टी की तरफ से स्टार प्रचारक बनकर गए हैं। हम कहते हैं वह स्टार प्रचारक नहीं बल्कि, स्टार विभाजक बनकर गए हैं। बिहार के लोग विभाजन करने वाले लोगों को नहीं स्वीकार करेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार को नौ साल होने वाले हैं। अब सिर्फ एक आखिरी बजट आना है, इस सरकार का। पहले बिजली बेचना चाह रहे थे, अब निजीकरण भी नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे समय में सरकार का बजट चार लाख करोड़ था। हमने स्टेडियम बनवाया, मेट्रो बनवाया, एक्सप्रेसवे बनवाया। अब सरकार का बजट आठ लाख करोड़ रुपये हो गया है लेकिन काम का कुछ पता नहीं है। इसी वजह से विधायकों के घरों में चोरी हो रही है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी लोग बुल और बुलडोजर के खिलाफ हैं।
अखिलेश दुबे पर बुलडोजर चला तो फंस जाएगी सरकार
सपा मुखिया ने कहा कि कानपुर के अखिलेश दुबे के घर बुलडोजर नहीं चलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस पर कार्रवाई हुई तो पूरी सरकार फंस सकती है।





