अमेरिका से कृषि समझौते से भारत के किसानों को कोई नुकसान नहीं, बुलंदशहर में बोले जयंत चौधरी
लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि एआई से किसान-कामगार को कोई खतरा नहीं है। फिर भी किसान एआई को ध्यान में रखकर बच्चों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाएं।

राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने बुलंदशहर के गांव लुहारली में शनिवार को जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका के किसानों के मुकाबले भारत के किसान शानदार हैं। अमेरिका से कृषि समझौते का भारत के किसानों को कोई नुकसान नहीं होगा। किसानों के हित से कोई समझौता और करार भारत सरकार नहीं करेगी। जयंत चौधरी ने कहा कि अमेरिका को कृषि उत्पाद जाएंगे, ना कि वहां से आएंगे।
राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि एआई से किसान-कामगार को कोई खतरा नहीं है। फिर भी किसान एआई को ध्यान में रखकर बच्चों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाएं। जयंत चौधरी ने कहा कि जात-पांत के चंगुल से देश के लोगों को उबरना होगा। लोग सोच का दायरा बढ़ाएं, हिंदू मुस्लिम की दूरी खत्म करें। जयंत चौधरी ने कहा कि रालोद के विधायकों की मुख्यमंत्री अधिक सुनते हैं।
पंचायत चुनाव को लेकर रालोद ने बनाई कमेटी
उन्होंने कहा, पंचायत चुनाव में भाजपा से गठबंधन को लेकर रालोद ने एक कमेटी बनाई है। कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे में कोई निर्णय लिया जाएगा। जयंत चौधरी ने शहीद सूबेदार रंजीत सिंह की प्रतिमा का जनसभा से पूर्व गांव लुहारली में अनावरण किया। रालोद नेताओं ने बड़ी फूल माला पहनाकर जयंत चौधरी का स्वागत किया इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पीके सिंह, राष्ट्रीय सचिव महेश आर्या, प्रदेश महासचिव संगठन राजीव चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन रालोद जिलाध्यक्ष पंकज प्रधान ने किया।
किसानों और युवाओं को सीधे मिलेगा बजट का लाभ
अमरोहा में आयोजित कौशल महोत्सव में पहुंचे केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि इस बार शिक्षा, स्वास्थ्य व देश को विकसित भारत बनाने के लिए बजट जारी किया गया है। सभी वर्गों के साथ ही किसानों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। शहर के शिव इंटर कालेज में संपन्न हुए कार्यक्रम के दौरान जयंत चौधरी ने प्रेस वार्ता भी की। कहा कि युवाओं को केंद्र में रखते हुए बजट जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि बजट का विशेष पहलू यह है कि किस तरह हम अपने वर्क फोर्स को कौशल के कार्यक्रम से जोड़ सकते हैं। बताया कि कौशल विकास मंत्रालय के बजट में 62 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। आकंड़ा लगभग 10000 करोड़ के करीब पहुंच गया है। शिक्षा बजट की बात करें तो डेढ़ लाख करोड़ का आवंटन और दोनों को साथ में जोड़कर देखा जाए तो सीधा-सीधा यह एक विश्वास नौजवानों पर भारत सरकार का है। यूपी में लगभग एक करोड़ छोटे और कुटीर उद्योग है जो छोटे उद्यमी हैं। बजट का लाभ उन सभी को भी मिलेगा।
लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।
और पढ़ें

