विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार की कोई घटना नहीं होनी चाहिए, सीएम का अफसरों को निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में निर्मित दुकानों तक श्रद्धालुओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही उपलब्ध सामग्रियों का उचित मूल्य रखा जाए

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के रविवार को निर्देश दिए कि काशी विश्वनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार की कोई घटना नहीं हो। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि योगी आदित्यनाथ ने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के पहले दिन रविवार को सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि काशी विश्वनाथ मंदिर में पुलिस द्वारा दर्शनार्थियों के साथ दुर्व्यवहार और कुप्रबंधन की कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने पुलिस एवं मंदिर प्रशासन को व्यवस्था में उचित सुधार लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में निर्मित दुकानों तक श्रद्धालुओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही उपलब्ध सामग्रियों का उचित मूल्य रखा जाए। उन्होंने कहा, ‘धार्मिक संस्थाएं पैसा कमाने का जरिया नहीं, बल्कि श्रद्धा का स्थल हैं, इसलिए श्रद्धालुओं के लिए इन स्थानों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।’ आदित्यनाथ ने मानव संसाधन बढ़ाकर मणिकर्णिका एवं हरिश्चंद्र घाट के निर्माण कार्य में तेजी लाए जाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि घाटों एवं मंदिरों के पास निर्माण कार्य के दौरान ऐतिहासिक धरोहरों का हर हाल में संरक्षण किया जाए।
किसी को भी नई परंपरा की अनुमति नहीं
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा कि कोई भी धार्मिक क्रियाकलाप धार्मिक स्थल परिसर में ही किया जाए और किसी भी नयी परंपरा की अनुमति नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने लंबित राजस्व वादों का निस्तारण तय समय सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। योगी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सभी जिम में महिला प्रशिक्षकों की भी व्यवस्था हो। उन्होंने कहा, 'अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों एवं पुलिस कर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए। पर्व के दृष्टिगत अवैध एवं जहरीली शराब की बिक्री कहीं भी न हो। उन्होंने जनपद में होली एवं आगामी पर्वों के मद्देनजर चाक चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
यूपी में दो से चार मार्च तक समस्त ग्राम पंचायतों में चलेगा स्वच्छता अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि दो से चार मार्च तक समस्त ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाया जाए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी। बयान में कहा गया है कि प्रदेश में होली के पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता और मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए हैं। इसके अंतर्गत दो से चार मार्च तक पूरे प्रदेश की ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता और सैनिटाइजेशन अभियान चलेगा।
लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।
और पढ़ें


