राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच के बीच सीएम योगी का कल अयोध्या दौरा, देंगे दो बड़ी सौगातें

अयोध्या, संवादाताता
Follow us on Google News
share

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  शुक्रवार को राम नगरी अयोध्या आ रहे हैं। यहां वह दो बड़ी परियोजनाओं समेत करोड़ों की सौगातें देंगे। चढ़ावा में चोरी के आरोपों और जांच के बीच सीएम योगी का अयोध्या का दौरा होने जा रहा है। अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

CM Yogi visit Ayodhya

Ayodhya News: राम मंदिर में चढ़ावा में चोरी की जांच के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या के दौरे पर आ रहे हैं। शुक्रवार को सीएम योगी राम नगरी को दो बड़ी सौगातें देंगे। अयोध्या नगर निगम के तत्वाधान में बहुप्रतीक्षित रामायण वैक्स म्यूजियम और नवनिर्मित जोनल कार्यालय का लोकार्पण कर इन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वैक्स म्यूजियम परिसर में आयोजित समारोह को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा कई परियोजनाओं की भी सौगात देंगे। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

सीएम योगी के कार्यक्रम को देखते हुए बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने समारोह से जुड़े सभी स्थलों का निरीक्षण किया। महापौर ने राम कथा पार्क के निकट स्थित हेलीपैड स्थल का जायजा लिया और घास की सफाई व खुले केबल को अंडरग्राउंड करने के निर्देश दिए। महापौर ने बताया कि लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वैक्स म्यूजियम अयोध्या आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं का नया आकर्षण बनेगा। म्यूजियम में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान जी, ऋषि वशिष्ठ, रावण, मेघनाथ और जटायु समेत रामायण के प्रमुख 25 से अधिक पात्रों की जीवंत मोम प्रतिमाएं लगाई गई हैं।

कल ही पर्यटकों के लिए खुल जाएगा म्यूजियम

लोकार्पण के बाद म्यूजियम पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। टिकट और समय-सारिणी की घोषणा 19 जून को उद्घाटन के बाद की जाएगी। यहीं से मुख्यमंत्री मोहबरा बाजार में 10.19 करोड़ रुपये की लागत से बने नगर निगम के नए जोनल कार्यालय का भी लोकार्पण करेंगे। इस कार्यालय में अयोध्या धाम क्षेत्र के नागरिकों को नगर निगम से जुड़ी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि इसके बाद अधिकारियों ने ऋषिदेव जैन मंदिर और मनीरामदास की छावनी का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। महापौर ने दोनों भवनों को विशेष रूप से सजाने-संवारने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त ने कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल, सफाई, चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव, एंटी लार्वा दवा के छिड़काव और फॉगिंग के व्यापक इंतजाम करने को कहा।

कई विकास योजनाओं का भी होगा लोकार्पण

डस्ट नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव भी कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री इस दौरे में अयोध्या की कई अन्य विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, मुख्य महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल, अधिशासी अभियंता दीपांकर सिंह एवं सहायक अभियंता राजपति यादव आदि मौजूद रहे।

कमिश्नर-आईजी ने किया निरीक्षण

वहीं, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव की मौजूदगी में बुधवार को मंडलायुक्त राजेश कुमार, आईजी सोमेन वर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा गौरव ग्रोवर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने सबसे पहले प्रस्तावित हेलीपैड का निरीक्षण किया। इसके बाद मां कामाख्या देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

सभा स्थल पर मंच, बैरिकेडिंग, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।विधायक रामचंद्र यादव ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा करते हुए सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने विद्युत विभाग को मार्ग पर नीचे लटक रहे तारों को तत्काल ऊंचा कराने तथा वन विभाग को सड़क किनारे झुकी पेड़ों की डालियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया गया।अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आगमन मार्ग का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री मुख्य मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला, जिला मंत्री तेज तिवारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsचढ़ावा चोरी की जांच के बीच योगी का कल अयोध्या दौरा, देंगे दो बड़ी सौगातें