आगरा में चौकी इंचार्ज के घर चोरी, बदमाशों ने 40 लाख का माल उड़ाया; CCTV खंगाल रही पुलिस
आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस-दो में दरोगा के किराए के घर से करीब 40 लाख की चोरी हुई। बदमाश ताला तोड़कर घुसे, सीसीटीवी बंद किए और जेवर व नकदी ले गए। एक आरोपी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आगरा में रविवार को चोरी और पारिवारिक विवाद से जुड़े दो अलग-अलग मामलों ने पुलिस और प्रशासन को सक्रिय कर दिया। एक ओर जहां ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस-दो में चोरों ने दरोगा के किराए के घर को निशाना बनाते हुए करीब 40 लाख रुपये की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया, वहीं दूसरी ओर शमसाबाद क्षेत्र में पत्नी के प्रेमी के साथ रहने का मामला सामने आने के बाद पारिवारिक विवाद पुलिस तक पहुंच गया।
चौकी इंचार्ज के घर चोरी
पहली घटना एत्मादुद्दौला थाना क्षेत्र की ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस-दो की है, जहां थाना छत्ता की डिवीजन चौकी इंचार्ज दरोगा रॉबिन सिंह पिछले छह महीने से किराए पर रह रहे थे। घटना के समय वह ड्यूटी पर थे और उनकी पत्नी प्रसव के बाद मायके में थीं। रविवार तड़के करीब 2:50 बजे नकाबपोश बदमाश सरिये से मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुस गए। आरोप है कि बदमाशों ने घर में प्रवेश करते ही सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। साथ ही मकान मालिक के बेटे सूरज को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया गया।
40 लाख का माल लेकर फरार
सुबह होश आने पर घर के ताले टूटे मिले और अलमारी से जेवर व नकदी गायब थे। चोर 100 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण, दो किलो से ज्यादा चांदी के जेवर और करीब 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एत्मादुद्दौला इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने बताया कि गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध दिखाई दिया है और जल्द खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
पति के घर चोरी कर प्रेमी के साथ रह रही पत्नी
दूसरी घटना थाना शमसाबाद क्षेत्र की है, जहां एक व्यक्ति ने पुलिस आयुक्त से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उसकी पत्नी घर से सामान और नकदी लेकर भाई के यहां जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में उसे पता चला कि पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ नाम बदलकर गांव में रह रही है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को प्रेमी ने बंधक बना रखा है और उसे वापस दिलाने की मांग की।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने महिला को थाने बुलाकर पूछताछ की। जांच के दौरान महिला ने स्पष्ट रूप से प्रेमी के साथ अपनी मर्जी से रहने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने उसे उसके प्रेमी के सुपुर्द कर दिया। जांच अधिकारी एसआई सुरभि औलख के अनुसार शिकायत में लगाए गए जबरन बंधक बनाने के आरोप सही नहीं पाए गए।


