सूदखोर की भांजी पर ही थी बुरी नजर, बहन ने ब्याज के रुपए न दिए तो रख दी ये डिमांड
युवती एमए की छात्रा है, जबकि सूदखोर शादीशुदा और उम्रदराज है। परिवार ने उधार में लिए 80 हजार रुपए चुका दिए थे। लेकिन सूदखोर ने ब्याज में 2 लाख रुपयोंं की डिमांड शुरू कर दी। परिवार ने इससे इंकार किया तो आरोपी ने घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। इसके बाद परिवार ने पुलिस से गुहार लगाई।

रिश्ते की बहन को उधार दिए 80 हजार रुपये अदा करने के बावजूद ब्याज के दो लाख रुपये निकालने वाले सूदखोर ने परिवार के सामने शर्त रख दी कि ब्याज की रकम तुरंत अदा करो नहीं तो बेटी का निकाह मुझसे कर दो। सूदखोर की इस डिमांड से युवती की मां हैरान रह गई। युवती एमए की छात्रा है, जबकि सूदखोर शादीशुदा और उम्रदराज है। परिवार ने इससे इंकार किया तो आरोपी ने घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। थाना पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो पीड़ित परिजनों ने सीओ से गुहार लगाई है।
किठौर क्षेत्र में एक गांव निवासी दंपति शनिवार को मऊखास स्थित सीओ किठौर कार्यालय पर पहुंचा। महिला ने बताया कि आरोपी उसका मौसेरा भाई है और वह ब्याज पर पैसे देने का काम करता है। कई माह पहले उन्होंने परेशानी की हालत में उससे 80 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। इस रकम को वह लौटा चुकी है लेकिन आरोपी मनमर्जी ब्याज दर से पैसे जोड़ रहा है। वह उन पर दो लाख रुपया बकाया बता रहा है।
आरोपी ने कहा कि अगर ब्याज की रकम नहीं दे सकते तो बेटी से उसका निकाह कर दो। महिला ने बताया कि आरोपी शादीशुदा और उम्रदराज है। पीड़िता की बेटी एमए कर रही है। रिश्ते में वह आरोपी की भांजी लगती है। पीड़िता ने सीओ को बताया कि उसने आरोपी की शिकायत उसके परिजनों से की तो इस पर आरोपी कई युवकों को लेकर उनके घर पहुंच गया और उनके साथ मारपीट कर दी।
आरोपी ने परिवार को धमकी दी है कि अगर उसका निकाह युवती से नहीं किया तो अंजाम बुरा होगा। पीड़ित पक्ष का कहना है कि थाना पुलिस से शिकायत करने गए तो पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। दंपति ने सीओ से कार्रवाई की मांग की है। सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।




