जिसे ‘बड़े पापा’ कहती थी मासूम, उसी ने की हैवानियत की हद; स्कूल से ले जाकर कत्ल

Feb 11, 2026 04:40 pm ISTAjay Singh संवाददाता, देवरिया
share

7 साल की बेटी गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा थी। बुधवार की सुबह वह रोज की तरह स्कूल पढ़ने गई थी। लंच के बाद उसका चचेरा चाचा स्कूल पहुंचा और बच्ची को साइकिल से घर ले जाने की बात कहकर अपने साथ लेकर चला गया। इधर देर तक बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसे ढूंढ़ने लगे।

जिसे ‘बड़े पापा’ कहती थी मासूम, उसी ने की हैवानियत की हद; स्कूल से ले जाकर कत्ल

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को रिश्ते के एक चाचा ने सात साल की मासूम बच्ची की स्कूल से ले जाकर हत्या कर दी और शव झरही नदी में फेंक दिया। बच्ची के साथ दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। आरोपी बच्ची के पिता के सगे चाचा का लड़का है। पीडि़ता उसे बड़ा पापा कहकर बुलाती थी। मौके पर सीओ समेत कई पुलिस अधिकारी पहुंच कर छानबीन में जुटे हैं।

श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति की 7 साल की बेटी गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा थी। बुधवार की सुबह वह रोज की तरह स्कूल पढ़ने गई थी। दोपहर में लंच के बाद उसका चचेरा चाचा स्कूल पहुंचा और बच्ची को साइकिल से घर ले जाने की बात कहकर अपने साथ लेकर चला गया। इधर देर तक बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसे ढूंढ़ने लगे। जब वह नहीं मिली तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। उसी दौरान गांव से सट कर बहने वाली झरही नदी में कुछ ग्राामीणों ने बच्ची का शव देखा।

मौके पर पहुंची पुलिस ने नदी से शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। जांच में स्कूल के पास लगे सीसी कैमरे को खंगाला गया तो उसमें रिश्ते का चाचा बच्ची को लेकर जाते हुए दिखा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है। 35 वर्षीय आरोपी शादीशुदा और दो बच्चों का बाप है। वह पीड़िता के पिता के सगे चाचा का लड़का है। बच्ची उसे बड़ा पापा कहकर बुलाती थी। आरोपी नशे का भी आदी बताया जा रहा है। बच्ची के पिता बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

क्या बोली पुलिस

भाटपाररानी के सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने कहा कि एक बच्ची का शव मिला है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर गहन जांच कर रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है कि नहीं यह पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।