
पुलिस वालों को झटककर डीआईजी से मिलने दौड़ी गैंगरेप पीड़िता, VIDEO वायरल होते ही कई नपे
यूपी के बुलंदशहर में गैंगरेप पीड़िता को डीआईजी से न मिलने देने की कोशिश पर भारी हंगामा हो गया। गैंगरेप पीड़िता पुलिस वालों को छकाते हुए दौड़ पड़। इसका वीडियो वायरल होते ही एक्शन हुआ है। कई पुलिस वालों को निलंबित कर दिया गया है।
यूपी के बुलंदशहर में डीआईजी के दौरे के दौरान उनसे मिलने की कोशिश कर रही गैंगरेप पीड़िता को पुलिस वालों ने रोक दिया। इसके बाद भी पीड़िता ने पुलिस वालों को झटक दिया और डीआईजी से मिलने दौड़ पड़ी। इससे हंगामा खड़ा हो गया। घटना का वीडियो भी वायरल हो गया। इस पर डीआईजी भी सख्त हो गए और दरोगाओं पर एक्शन हो गया है। डीआईजी के निर्देश पर एसएसपी ने कई को निलंबित कर दिया है। खुर्जा कोतवाली के पूर्व निरीक्षक पंकज राय, अतिरिक्त निरीक्षक दिग्विजय नाथ शाही, दरोगा शुभम राठी और इकराम अली को निलंबित किया गया है। खुर्जा कोतवाली में टेंट लगवाकर साज-सज्जा कराने पर पूर्व प्रभारी निरीक्षक पंकज राय पर कार्रवाई हुई है, जबकि अतिरिक्त निरीक्षक और दोनों दरोगाओं पर गैंगरेप के दो मामलों में आरोप लगने पर कार्रवाई की गई है। इन चारों पुलिसकर्मियों को पूर्व में लाइन हाजिर किया गया था।

14 नवंबर को डीआईजी कलानिधि नैथानी के वार्षिक निरीक्षण के दौरान खुर्जा कोतवाली में टैंट लगवाते हुए साज-सज्जा की गई थी। इस पर डीआईजी ने नाराजगी जताते हुए अंदर जाने से इनकार कर दिया और पैदल गश्त पर निकल गए। कुछ देर बाद टैंट हटने पर डीआईजी ने खुर्जा कोतवाली पहुंचकर निरीक्षण किया। वहीं उनकी वापसी के दौरान एक गैंगरेप पीड़िता को रोकने को लेकर हंगामा हो गया। डीआईजी ने गैंगरेप पीड़िता की बात सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसके बाद एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने साज सज्जा कराने पर खुर्जा कोतवाल पंकज राय को लाइन हाजिर कर दिया था। गैंगरेप पीड़िता के मामले में विवेचना में लापरवाही बरतने पर निरीक्षक दिग्विजय नाथ शाही को भी लाइन हाजिर किया गया। वहीं दूसरे मामले में एक अन्य गैंगरेप पीड़िता ने खुर्जा कोतवाली की एक चौकी के प्रभारी शुभम राठी और उपनिरीक्षक इकराम अली पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद एसएसपी ने इन दोनों को भी लाइन हाजिर कर दिया था।
बुधवार को एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर खुर्जा कोतवाली में टैंट लगवाने पर निरीक्षक पंकज राय को निलंबित कर दिया गया है। इसी तरह अन्य मामलों में लापरवाही पर अतिरिक्त निरीक्षक दिग्विजय नाथ शाही, प्रभारी चौकी बाग रिसालदार शुभम राठी और उपनिरीक्षक इकराम अली को भी निलंबित कर दिया है। चारों पुलिसकर्मियों के संबंध में विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



